इंश्योरेंस सेक्टर में अंबानी का 'धमाका': जियो फाइनेंशियल और जर्मनी की आलियांज के बीच महा-गठबंधन, 50:50 की होगी साझेदारी

जियो फाइनेंशियल सर्विसेज (JFSL) और दुनिया की दिग्गज बीमा कंपनी जर्मनी की आलियांज ग्रुप (Allianz Group) ने भारत में एक नई इंश्योरेंस कंपनी शुरू करने के लिए हाथ मिलाया है।

22 Apr 2026  |  12

 

मुंबई | देश के सबसे बड़े कारोबारी समूह रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी अब बीमा क्षेत्र की तस्वीर बदलने की तैयारी में हैं। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज (JFSL) और दुनिया की दिग्गज बीमा कंपनी जर्मनी की आलियांज ग्रुप (Allianz Group) ने भारत में एक नई इंश्योरेंस कंपनी शुरू करने के लिए हाथ मिलाया है। यह ज्वाइंट वेंचर देश के जनरल और हेल्थ इंश्योरेंस बाजार में नई प्रतिस्पर्धा पैदा करेगा।

50:50 की बराबर साझेदारी

इस गठबंधन की सबसे अहम बात यह है कि इसमें दोनों कंपनियों की 50% हिस्सेदारी होगी। यह साझेदारी भारत सरकार के '2047 तक सभी के लिए बीमा' के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

अनुभव और डिजिटल पहुंच का संगम

इस जॉइंट वेंचर (JV) की सफलता के पीछे दो बड़ी वैश्विक शक्तियों का तालमेल है:

जियो की डिजिटल शक्ति: जियो का देशव्यापी नेटवर्क और करोड़ों ग्राहकों तक सीधी डिजिटल पहुंच।

आलियांज का वैश्विक अनुभव: आलियांज के पास बीमा क्षेत्र का 136 वर्षों का वैश्विक अनुभव और बेहतरीन तकनीकी उत्पाद हैं।

इन दोनों के मिलन से ग्राहकों को सरल, सस्ती और डिजिटल माध्यम से आसानी से उपलब्ध होने वाली बीमा पॉलिसियां मिलेंगी।

"हर भारतीय का अधिकार है आर्थिक सुरक्षा" — मुकेश अंबानी

रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने इस साझेदारी पर अपना विजन साझा करते हुए कहा:

"बीमा सिर्फ एक उत्पाद नहीं है, बल्कि वह बुनियाद है जिस पर परिवार अपने भविष्य का निर्माण करते हैं। हमारा सपना है कि विश्व स्तरीय इंश्योरेंस समाधान सिर्फ खास लोगों तक सीमित न रहें, बल्कि भारत के हर कोने और हर बजट के व्यक्ति तक पहुंचें।"

भविष्य की योजना: लाइफ इंश्योरेंस पर भी नजर

आलियांज ग्रुप के सीईओ ओलिवर बेट ने भी भारत के लिए एक नया 'इंश्योरेंस मॉडल' तैयार करने की बात कही है। वर्तमान में यह समझौता जनरल और हेल्थ इंश्योरेंस पर केंद्रित है, लेकिन दोनों कंपनियों ने संकेत दिए हैं कि वे भविष्य में लाइफ इंश्योरेंस (जीवन बीमा) के क्षेत्र में भी एक अलग साझेदारी पर काम कर रही हैं।

नियामक मंजूरियों का इंतजार

हालांकि इस साझेदारी का आधिकारिक ऐलान हो चुका है, लेकिन नई कंपनी के संचालन के लिए अभी भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) और अन्य सरकारी निकायों से जरूरी मंजूरियां मिलना बाकी हैं। जानकारों का मानना है कि जियो के प्रवेश से देश के इंश्योरेंस सेक्टर में 'प्राइस वॉर' और बेहतर सेवाओं का एक नया दौर शुरू हो सकता है।

अन्य खबरें