सावधान! 'रिमोट' से बंद है टीवी फिर भी उठ रहा है बिल, यूपीपीसीएल की चेतावनी—सालाना ₹2,000 तक का चूना लगा रहे हैं ये 6 गैजेट्स

बंद दिखने वाले उपकरण भी पी रहे हैं बिजली; जानें क्या है 'फैंटम लोड' और कैसे बचाएं अपनी गाढ़ी कमाई।

19 May 2026  |  59

 

लखनऊ। क्या आप जानते हैं कि आपके घर में बंद पड़े उपकरण भी चुपके से आपकी जेब काट रहे हैं? जी हां, अगर आप अपने टीवी, एसी या माइक्रोवेव को सिर्फ रिमोट से बंद करके छोड़ देते हैं, तो आप हर साल लगभग ₹2,000 की बिजली बिना वजह बर्बाद कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने हाल ही में बिजली उपभोक्ताओं को इस 'छिपी हुई बिजली खपत' (Phantom Load) के प्रति आगाह किया है।

आइए जानते हैं कि बंद होने के बावजूद ये उपकरण कैसे बिजली कंज्यूम करते हैं और इससे बचने के उपाय क्या हैं।

ये 6 मेजर अप्लायंसेज जो 'स्टैंडबाय' पर भी पीते हैं बिजली

हम अक्सर सोचते हैं कि रिमोट का बटन दबाते ही उपकरण बंद हो गया, लेकिन असल में ऐसा नहीं होता। निम्नलिखित उपकरण बंद होने के बाद भी लगातार बिजली का इस्तेमाल करते रहते हैं:

स्मार्ट टीवी: रिमोट से बंद करने के बाद भी टीवी पर जलने वाली छोटी सी 'लाल लाइट' इस बात का सबूत है कि टीवी के अंदर बिजली का इस्तेमाल जारी है।

सेट-टॉप बॉक्स: टीवी बंद होने के बाद भी यह 'एक्टिव स्टैंडबाय मोड' में रहता है और लगातार सैटेलाइट सिग्नल्स लेता रहता है।

एसी और वाई-फाई राउटर: इन्हें रिमोट से बंद करने के बाद भी इनका आंतरिक सर्किट पावर मोड में रहता है।

मोबाइल/लैपटॉप चार्जर: फोन या लैपटॉप को डिस्कनेक्ट करने के बाद भी अगर चार्जर प्लग में लगा हुआ है और स्विच ऑन है, तो वह लगातार बिजली खींचता रहता है।

माइक्रोवेव ओवन: माइक्रोवेव में चौबीस घंटे दिखने वाली डिजिटल घड़ी लगातार बिजली का इस्तेमाल करती है।

गेमिंग कंसोल और कंप्यूटर: 'क्विक-स्टार्ट' फीचर के कारण ये डिवाइस बंद होने के बाद भी बैकग्राउंड में इलेक्ट्रिसिटी कंज्यूम करते रहते हैं।

'ऑफ' होने के बावजूद कैसे आती है बिजली की रीड़?

विशेषज्ञों के अनुसार, जब हम किसी अप्लायंस को सिर्फ रिमोट से बंद करते हैं, तो डिवाइस पूरी तरह शटडाउन नहीं होता। रिमोट के अगले सिग्नल का इंतजार करने, सेंसर्स को एक्टिव रखने या डिजिटल क्लॉक चलाने के लिए डिवाइस के अंदर लगे ट्रांसफार्मर को बिजली की जरूरत होती है।

यदि किसी घर में ऐसे 8 से 10 अप्लायंसेज लगातार स्टैंडबाय मोड पर छोड़ दिए जाएं, तो महीने में ₹50 से ₹200 तक का अतिरिक्त बिल आ सकता है। सालाना तौर पर यही लापरवाही ₹1,000 से ₹2,000 रुपये तक का फटका लगाती है।

बिजली और पैसा बचाने के 4 आसान उपाय

इस छिपी हुई फिजूलखर्ची को रोकना बेहद आसान है। बस अपनी दैनिक आदतों में ये छोटे बदलाव शामिल करें:

मेन स्विच का करें इस्तेमाल: काम खत्म होने के बाद उपकरणों को सिर्फ रिमोट से नहीं, बल्कि सीधे वॉल प्लग या मेन स्विच से बंद करें।

स्मार्ट स्विचबोर्ड अपनाएं: एक साथ कई अप्लायंसेज (जैसे टीवी, होम थिएटर, सेट-टॉप बॉक्स) को कंट्रोल करने के लिए मल्टी-प्लग स्विचबोर्ड का इस्तेमाल करें ताकि एक बटन से सब पूरी तरह बंद हो जाएं।

रात में राउटर को दें आराम: रात को सोते समय वाई-फाई राउटर को मुख्य स्विच से बंद कर दें।

चार्जर को न छोड़ें प्लग में: मोबाइल या लैपटॉप चार्ज होते ही चार्जर को सॉकेट से बाहर निकाल लें।

नतीजा: आपकी एक छोटी सी सतर्कता न सिर्फ देश की बिजली बचाएगी, बल्कि आपके घरेलू बजट को भी अनचाहे बोझ से राहत देगी।

अन्य खबरें