क्रिकेट जगत में खलबली: ऑलराउंडर विजय शंकर ने आईपीएल और घरेलू क्रिकेट से अचानक लिया संन्यास!

विश्व कप की पहली ही गेंद पर विकेट लेने वाले 35 वर्षीय स्टार ने 25 साल लंबे सफर को कहा अलविदा; बोले- 'क्रिकेट आगे भी खेलता रहूंगा!'

22 May 2026  |  64

 

खेल डेस्क: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के रोमांचक सीजन के बीच क्रिकेट गलियारों से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। टीम इंडिया के ऑलराउंडर विजय शंकर ने अचानक इंडियन प्रीमियर लीग और भारतीय घरेलू क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। 35 वर्षीय इस खिलाड़ी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने इस बड़े फैसले की जानकारी दी और बताया कि वे अपने करियर को एक नई दिशा में आगे बढ़ाने के लिए यह कदम उठा रहे हैं।

विजय शंकर घरेलू क्रिकेट में लंबे समय तक तमिलनाडु की रीढ़ रहे हैं, वहीं आईपीएल के शानदार सफर में उन्होंने चार अलग-अलग बड़ी फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व किया है।

"25 साल बाद इस सफर को विराम" — विजय शंकर का भावुक संदेश

विजय शंकर ने सोशल मीडिया पर अपने संन्यास की घोषणा करते हुए लिखा:

"क्रिकेट मेरी जिंदगी है। मैंने 10 साल की उम्र में बल्ला थामा था और आज 25 साल बाद मैं इस खेल के हर स्तर पर खेला हूँ। देश की जर्सी पहनना हमेशा मेरे जीवन के सबसे गर्व और खुशी के पलों में से एक रहेगा। अब मैंने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास लेने का फैसला किया है, ताकि मैं (दुनिया के अन्य हिस्सों में) क्रिकेट को और ज्यादा खेल सकूं। उन सभी लोगों को धन्यवाद कहना भी कम होगा, जिन्होंने मुझे वो करने दिया जिससे मैं सबसे ज्यादा प्यार करता हूं। मैं हमेशा आभारी रहूंगा।"

ऑलराउंडर ने अपने करियर के सुनहरे पलों को याद करते हुए बीसीसीआई और टीम इंडिया का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने 2019 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपनी पहली ही गेंद पर विकेट लेने के ऐतिहासिक पल और नागपुर में भारत के 500वें वनडे मैच में आखिरी ओवर फेंकने की यादों को बेहद खास बताया।

ऐसा रहा विजय शंकर का आईपीएल और इंटरनेशनल करियर

विजय शंकर ने आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK), दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और गुजरात टाइटंस (GT) के लिए मैदान संभाला।

आईपीएल करियर: उन्होंने कुल 78 मैचों में 1,233 रन बनाए।

अंतरराष्ट्रीय करियर: भारत के लिए उन्होंने 12 वनडे मैचों में 31.8 की औसत से 223 रन बनाए और 9 टी20 मैचों में 101 रन जोड़े।

घरेलू क्रिकेट (फर्स्ट क्लास): तमिलनाडु के लिए खेलते हुए उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 13 शतकों की मदद से 4,253 रन ठोके। वहीं, लिस्ट-ए क्रिकेट में उनके नाम 2,790 रन दर्ज हैं।

सभी मार्गदर्शकों को कहा 'थैंक यू'

अपने विदाई संदेश में विजय शंकर ने तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TNCA) के जूनियर स्तर (U-13) से लेकर सीनियर टीम तक के सफर को याद किया। उन्होंने अपनी सफलता के पीछे रहे सभी कोच, सपोर्ट स्टाफ, फिजियो, ट्रेनर्स, ग्राउंड्समैन, मीडिया और अपने दोस्तों को दिल से धन्यवाद कहा। माना जा रहा है कि डोमेस्टिक क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद विजय शंकर अब विदेशी टी20 लीग्स और अन्य प्रारूपों में खेलते नजर आ सकते हैं।

अन्य खबरें