पंजाब निकाय चुनाव: 108 निकायों के लिए मतदान शुरू, रायकोट में कांग्रेस प्रत्याशी पर जानलेवा हमला, बठिंडा में फायरिंग और हंगामा

वोटिंग शुरू होते ही कई जिलों में भड़की चुनावी रंजिश; कहीं ईंट-पत्थर चले तो कहीं उड़ीं धज्जियां, बठिंडा में आधी रात थाने के बाहर भाजपा का धरना।

26 May 2026  |  94

 

 

चंडीगढ़/लुधियाना। पंजाब के 108 स्थानीय निकायों में आज सुबह आठ बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आठ नगर निगमों, 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों की सीटों पर कुल 7,555 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। हालांकि, मतदान शुरू होने से पहले ही राज्य के कई हिस्सों से हिंसक झड़पों, गोलीबारी और हंगमे की खबरें सामने आई हैं, जिसने चुनावी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रायकोट: पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष, कांग्रेस प्रत्याशी PGI रेफर

लुधियाना के रायकोट (वार्ड नंबर 4) में चुनाव की शुरुआत बेहद हिंसक रही। तड़के सुबह बूथ के भीतर कांग्रेस प्रत्याशी जगदेव सिंह जग्गा पर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। हालत नाजुक होने के कारण उन्हें सिविल अस्पताल से चंडीगढ़ PGI रेफर कर दिया गया है। कांग्रेस ने इस हमले का आरोप आम आदमी पार्टी (AAP) के समर्थकों पर लगाया है।

तनाव की वजह:

दरअसल, सोमवार दोपहर से ही कांग्रेस प्रत्याशी जगदेव सिंह जग्गा और आप विधायक के करीबी व ट्रक यूनियन के प्रधान बिंदरजीत सिंह गिल के समर्थकों के बीच टकराव शुरू हो गया था। रात को दोनों गुट आमने-सामने आ गए, जहाँ जमकर ईंट-पत्थर चले और हाथापाई हुई। पुलिस के मुताबिक, दोनों ही नेताओं का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वे पहले एक ही दल (अकाली दल) में थे, जो अब धुर विरोधी बन चुके हैं।

बठिंडा (वार्ड 3): वोट बांटने के आरोप, सुबह-सुबह सरेआम फायरिंग

बठिंडा के वार्ड नंबर 3 में वोटिंग शुरू होने से ठीक पहले सुबह करीब 5:00 बजे सरेआम फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। यहाँ के एक निर्दलीय (आजाद) उम्मीदवार ने सत्ताधारी दल के नेताओं पर रात के अंधेरे में पैसे बांटकर वोट खरीदने का आरोप लगाया।

आरोप है कि जब समर्थकों ने पैसे बांटने का विरोध किया, तो सत्ताधारी पार्टी के एक नेता और उनके साथियों ने जानलेवा हमला करते हुए गोलियां चला दीं। घटना के विरोध में निर्दलीय उम्मीदवार और उनके समर्थकों ने धरना शुरू कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बठिंडा शहरी विधायक जगरूप सिंह मौके पर पहुँचे और एसएसपी (SSP) को फोन कर निष्पक्ष जांच व आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

बठिंडा (वार्ड 2): आधी रात को कैंट थाने के बाहर भाजपा का प्रदर्शन

बठिंडा के ही वार्ड नंबर 2 में सोमवार देर रात आम आदमी पार्टी और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच 'वोट खरीदने' के आरोपों को लेकर तीखी बहस हुई, जिसने देखते ही देखते बड़े हंगामे का रूप ले लिया।

थाने का घेराव: इस घटना से नाराज भाजपा कार्यकर्ता पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता सरूपचंद सिंगला की अगुवाई में देर रात ही कैंट थाने पहुँच गए और परिसर के बाहर धरना दे दिया।

कार्रवाई की मांग: भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक आप प्रत्याशी और मूकदर्शक बने पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, उनका धरना खत्म नहीं होगा।

पुलिस का पक्ष:

स्थानीय पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया है। दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर ली गई हैं और इलाके के सीसीटीवी (CCTV) व वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच के बाद दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

1. जालंधर-अमृतसर में दोपहर 12 बजे तक जमकर पड़े वोट

दोपहर 12 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, विभिन्न क्षेत्रों में मतदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

जालंधर जिला: मेहतपुर नगर पंचायत में सबसे अधिक 36.17% और लोहियां खास में 36.86% मतदान हुआ। वहीं आदमपुर में 31.36%, करतारपुर में 32.71%, नकोदर में 32.12%, नूरमहल में 35.58% और फिल्लौर में 31.51% वोटिंग दर्ज की गई।

अमृतसर जिला: नगर काउंसिल रमदास में दोपहर 12 बजे तक रिकॉर्ड 52.6% मतदान हो चुका है। इसके अलावा जंडियाला गुरु में 31.8%, मजीठा में 28.28% और रईया नगर पंचायत में 31.6% मतदाताओं ने अपने अधिकार का प्रयोग किया।

2. भिखीविंड में 'बूथ कैप्चरिंग' के आरोप पर सियासी घमासान

नगर पंचायत भिखीविंड के वार्ड नंबर 7 में उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता विरसा सिंह वल्टोहा ने आम आदमी पार्टी (AAP) पर गंभीर आरोप लगाए। वल्टोहा का दावा है कि 'आप' कार्यकर्ताओं ने स्थानीय विधायक सरवन सिंह धुन के पीए (PA) के साथ मिलकर पिछले दरवाजे से बूथ कैप्चरिंग की कोशिश की। शिअद कार्यकर्ताओं के भारी विरोध के बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई, जिसके बाद 'आप' कार्यकर्ता गाड़ियों में सवार होकर वहां से निकल गए। हालांकि, विधायक धुन ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें बेबुनियाद बताया है।

3. सुरक्षा घेरा सख्त: फिरोजपुर में 7 हिरासत में, मानसा में खदेड़ा गया बाउंसर

फिरोजपुर: चुनाव को प्रभावित करने की कोशिशों को नाकाम करते हुए पुलिस ने वार्ड नंबर 8 से 7 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। इन पर जिले से बाहरी होने और शांति भंग करने का आरोप है।

मानसा: यहां के वार्ड नंबर 18 के एक पोलिंग बूथ पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक नेता के साथ उनका बाउंसर रिवॉल्वर लहराते हुए अंदर घुस गया। सतर्क पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बाउंसर को मतदान केंद्र से बाहर खदेड़ दिया।

फिलहाल, हिंसक घटनाओं वाले संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और प्रशासन शांतिपूर्ण मतदान का दावा कर रहा है।

अन्य खबरें