ICC Rankings में बांग्लादेशी शेरों का दबदबा: पाकिस्तान को चटाई थी धूल, रहीम और ताइजुल को बंपर फायदा

टेस्ट और वनडे रैंकिंग में बड़ा फेरबदल; ऑस्ट्रेलियाई टीम टॉप पर बरकरार, टीम इंडिया तीसरे स्थान पर फिसली।

27 May 2026  |  54

 

 

 

दुबई। पाकिस्तान की सरजमीं पर ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीतने का इनाम बांग्लादेशी क्रिकेटरों को आईसीसी (ICC) की ताजा रैंकिंग में मिला है। हाल ही में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को उसी के घर में खेली गई टेस्ट सीरीज में क्लीनस्वीप (2-0) किया था। बांग्लादेश ने पहला टेस्ट 104 रनों से और दूसरा टेस्ट 78 रनों से जीता था। इस धमाकेदार प्रदर्शन के बूते बांग्लादेश के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने आईसीसी रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है।

दूसरी ओर, आईसीसी टेस्ट टीम रैंकिंग पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलिया 24 मैचों में 131 की रेटिंग के साथ शीर्ष (Top) पर काबिज है। वहीं दक्षिण अफ्रीका दूसरे स्थान पर और भारत तीसरे स्थान पर मौजूद है।

रहीम और लिटन दास का जलवा

पाकिस्तान के खिलाफ बल्ले से कोहराम मचाने वाले बांग्लादेश के अनुभवी बल्लेबाजों को रैंकिंग में तगड़ा फायदा हुआ है:

मुशफिकुर रहीम: सीरीज की 4 पारियों में 259 रन बनाने वाले दाएं हाथ के इस अनुभवी बल्लेबाज ने आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में 10 पायदान की लंबी छलांग लगाई है। वह अब संयुक्त रूप से 16वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

लिटन दास: सीरीज में 239 रन बनाने वाले स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन दास भी 14 पायदान ऊपर चढ़कर 24वें स्थान पर आ गए हैं।

बांग्लादेशी गेंदबाजों ने लगाई ऊंची छलांग

केवल बल्लेबाज ही नहीं, बल्कि बांग्लादेश के गेंदबाजों ने भी इस ऐतिहासिक सीरीज जीत के दम पर अपनी रैंकिंग सुधारी है:

ताइजुल इस्लाम: बाएं हाथ के इस बेहतरीन स्पिनर ने टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में दो पायदान की बढ़त के साथ 11वां स्थान हासिल कर लिया है। यह उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग भी है। इसके अलावा, वह ऑलराउंडर रैंकिंग में भी तीन पायदान ऊपर चढ़कर 29वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

मेहदी हसन मिराज: ऑफ स्पिनर मिराज दो पायदान के फायदे के साथ 25वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

नाहिद राणा: युवा तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने अपनी गति से प्रभावित करते हुए 10 पायदान की छलांग लगाई और वह 54वें स्थान पर आ गए हैं।

पाकिस्तान के लिए एकमात्र राहत: लगातार हार झेलने वाली पाकिस्तानी टीम के लिए एकमात्र अच्छी खबर तेज गेंदबाज खुर्रम शहजाद रहे। सिलहट में खेले गए दूसरे टेस्ट में शानदार वापसी के दम पर वह गेंदबाजी रैंकिंग में 49वें स्थान पर लौट आए हैं।

ODI रैंकिंग: नेपाल, अमेरिका और स्कॉटलैंड के खिलाड़ियों का जलवा

नेपाल, अमेरिका और स्कॉटलैंड के बीच खेली गई 'आईसीसी मेंस क्रिकेट विश्व कप लीग 2' की त्रिकोणीय (Tri-Series) सीरीज के खत्म होने के बाद वनडे रैंकिंग में भी बड़े बदलाव हुए हैं। नेपाल ने इस सीरीज में तीन मैच जीते, जिसका फायदा उनके खिलाड़ियों को मिला:

नेपाल का प्रदर्शन: विकेटकीपर-बल्लेबाज आसिफ शेख 5 पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त 81वें और ऑलराउंडर दीपेंद्र सिंह ऐरी 8 पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त 91वें स्थान पर आ गए हैं। गेंदबाजी में संदीप लामिछाने 32वें और ललित राजबंशी 47वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

स्कॉटलैंड और अमेरिका: स्कॉटलैंड के स्टार ऑलराउंडर ब्रैंडन मैकमुलन बल्लेबाजी रैंकिंग में 4 पायदान ऊपर चढ़कर 49वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं, अमेरिका के स्पिनर नोस्तुश केंजीगे 10 पायदान की छलांग लगाकर गेंदबाजी में 49वें स्थान पर आ गए हैं, जबकि उनके साथी मिलिंद कुमार ऑलराउंडर रैंकिंग में संयुक्त 18वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

अन्य खबरें