हिंसा की आग में जल रहा UK: बेलफास्ट में खूनी वारदात ,नकाबपोश भीड़ ने फूंके घर और गाड़ियां, सड़कें जाम

सूडानी शरणार्थी के क्रूर हमले के बाद सुलग उठा उत्तरी आयरलैंड, नस्लीय तनाव के बीच सड़कों पर उतरी आक्रोशित भीड़।

10 Jun 2026  |  122

 

 

बेलफास्ट: उत्तरी आयरलैंड की राजधानी बेलफास्ट इस समय गंभीर सांप्रदायिक और नस्लीय तनाव की आग में झुलस रही है। एक अफ्रीकी प्रवासी द्वारा सरेराह एक व्यक्ति का सिर काटने की रोंगटे खड़े कर देने वाली कोशिश के बाद शहर में बड़े पैमाने पर हिंसक विरोध प्रदर्शन भड़क उठे हैं। हाथों में डंडे और चेहरों पर नकाब पहने सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने कई इलाकों को बंधक बना लिया है, जहां घरों, बसों और कारों को आग के हवाले कर दिया गया है।

वायरल वीडियो ने भड़काई आक्रोश की चिंगारी

यह पूरा बवाल सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक बेहद विचलित करने वाले वीडियो के बाद शुरू हुआ। वीडियो में सूडान का रहने वाला एक नागरिक सड़क पर सरेआम एक व्यक्ति का सिर काटने का प्रयास करता दिख रहा है, जबकि आस-पास मौजूद राहगीर अपनी जान जोखिम में डालकर पीड़ित को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। इस फुटेज के सामने आते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

30 वर्षीय सूडानी हमलावर गिरफ्तार, पीड़ित की हालत गंभीर

पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात हुए इस जानलेवा हमले में 40 वर्षीय पीड़ित की आंखों, चेहरे और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। उसे नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 30 वर्षीय संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, सुरक्षा कारणों से अभी उसके नाम का खुलासा नहीं किया गया है। पुलिस ने आरोपी पर:

हत्या के प्रयास

सार्वजनिक स्थान पर घातक हथियार (चाकू) रखने, और

जान से मारने की धमकी देने की संगीन धाराएं लगाई हैं।

युद्धक्षेत्र में तब्दील हुआ शहर, जलते घरों से निकाले गए लोग

हमले की खबर फैलते ही उत्तरी आयरलैंड के कई हिस्सों में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई। पुलिस और प्रशासन की शांति बनाए रखने की तमाम अपीलों को दरकिनार कर सैकड़ों नकाबपोश प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए। उग्र भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया और पेट्रोल बम फेंके।

ब्रिटिश मीडिया द्वारा जारी फुटेज में स्थिति की भयावहता साफ देखी जा सकती है, जहां पुलिस अधिकारी जलते हुए घरों से डरे-सहमे परिवारों को बाहर निकाल रहे हैं। स्थानीय नेताओं के मुताबिक, इस हिंसा के दौरान विशेष रूप से अश्वेत समुदाय के लोगों और उनके घरों को निशाना बनाया जा रहा है।

शरणार्थी था हमलावर: गृह मंत्रालय यूके के गृह मंत्रालय ने पुष्टि की है कि हमलावर सूडान का एक शरणार्थी है, जिसके पास साल 2028 तक का वैध रेजिडेंस परमिट था। उत्तरी आयरलैंड के पुलिस प्रमुख जॉन बाउचर के मुताबिक, यह नागरिक 2023 में पेरिस और डबलिन के रास्ते अवैध या वैध तरीके से यूके पहुंचा था।

ब्रिटिश पीएम ने जताया दुख, तनाव चरम पर

ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने सोमवार देर शाम उत्तरी बेलफास्ट में हुए इस चाकूबाजी के हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे 'घिनौना' कृत्य बताया है।

गौरतलब है कि ब्रिटेन में यह हिंसा ऐसे समय पर हुई है जब देश में प्रवासियों को लेकर पहले से ही माहौल बेहद तनावपूर्ण है। हाल ही में एक छात्र हेनरी नोवाक की हत्या के बाद से जनता में भारी आक्रोश है। हेनरी की मौत के मामले में यह बात सामने आई थी कि मरते समय पुलिस ने पीड़ित हेनरी को ही हथकड़ी पहना दी थी, क्योंकि उसके असली कातिल ने खुद को बचाने के लिए उस पर 'नस्लवादी हमला' करने का झूठा आरोप मढ़ दिया था। इस नई घटना ने सुलगती आग में घी का काम किया है, जिससे उत्तरी आयरलैंड में प्रवासियों के खिलाफ हिंसा की घटनाएं अचानक बेहद बढ़ गई हैं।

अन्य खबरें