गोल्ड-सिल्वर क्रैश: सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट, ऑल-टाइम हाई से सोना ₹29,700 और चांदी ₹1.46 लाख हुई सस्ती!

अमेरिकी इकोनॉमी की मजबूती और मिडिल ईस्ट तनाव के बीच टूटा बाजार; एक महीने में रिकॉर्ड ₹53,810 लुढ़की चांदी।

11 Jun 2026  |  47

 

 

बिजनेस डेस्क।

यदि आप सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए राहत की बड़ी खबर है। कारोबारी हफ्ते के चौथे दिन, 11 जून गुरुवार को सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट (Gold Silver Price Crash) दर्ज की गई है। वैश्विक और घरेलू स्तर पर बन रहे आर्थिक समीकरणों के चलते कीमती धातुओं की चमक फीकी पड़ी है।

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सोने-चांदी में मुनाफावसूली का दौर जारी है। बाजार इस समय कच्चे तेल (Crude Oil), डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति और बड़े वैश्विक घटनाक्रमों के प्रति बेहद संवेदनशील बना हुआ है।

IBJA पर आज क्या हैं भाव? (24 घंटे में कितनी गिरावट)

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा 11 जून दोपहर 12 बजे जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार:

24 कैरेट सोना (Gold Rate Today): आज घटकर ₹1,45,584 प्रति 10 ग्राम पर आ गया। बुधवार को यह ₹1,48,429 पर था, यानी महज 24 घंटे में इसमें ₹2,845 की बड़ी गिरावट आई है।

चांदी (Silver Rate Today): आज गिरकर ₹2,33,540 प्रति किलोग्राम पर आ गई। बुधवार को चांदी ₹2,36,280 पर थी, यानी एक दिन में चांदी ₹2,740 सस्ती हो गई है।

एक महीने में भारी मंदी: ₹15,000 से ज्यादा टूटा सोना

पिछले एक महीने की तुलना करें तो गिरावट का आंकड़ा चौंकाने वाला है:

सोना: 14 मई को सोना ₹1,61,349 पर था, जो आज ₹1,45,584 है। यानी एक महीने में सोना ₹15,765 सस्ता हुआ।

चांदी: 14 मई को चांदी ₹2,87,350 पर थी, जो आज ₹2,33,540 है। यानी एक महीने में चांदी ₹53,810 प्रति किलो तक टूट चुकी है।

ऑल-टाइम हाई (All-Time High) से ऐतिहासिक गिरावट

इसी साल 29 जनवरी 2026 को सोने और चांदी दोनों ने ही इतिहास का अपना सबसे उच्चतम स्तर छुआ था। उस रिकॉर्ड स्तर से आज की कीमतें बहुत नीचे आ चुकी हैं:

धातु29 जनवरी का ऑल-टाइम हाई11 जून (आज) की कीमतकुल गिरावट
सोना (प्रति 10 ग्राम)₹1,75,340₹1,45,584₹29,756 सस्ती
चांदी (प्रति किलो)₹3,79,988₹2,33,540₹1,46,448 सस्ती

 

दिलचस्प फैक्ट: IBJA के प्रवक्ता CA सुरेंद्र मेहता के अनुसार, इतिहास में पहली बार सोने ने 23 जुलाई 2025 को और चांदी ने 3 जून 2025 को ₹1 लाख का आंकड़ा पार किया था। पिछले एक साल (जून 2025 से जून 2026) में सोना ₹67,000 और चांदी ₹1,46,000 महंगी हो चुकी है।

MCX और अंतरराष्ट्रीय बाजार (Comex) का हाल

Comex (ग्लोबल मार्केट): अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना $4100 और चांदी $64 प्रति औंस के करीब कारोबार कर रहे हैं।

MCX (घरेलू वायदा बाजार): मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर अगस्त डिलीवरी वाला सोना ₹448 की गिरावट के साथ ₹1,47,569 प्रति 10 ग्राम पर ट्रेंड कर रहा है। वहीं, चांदी ₹1003 गिरकर ₹2,34,502 प्रति किलोग्राम पर आ गई है।

आखिर क्यों गिर रहे हैं दाम? एक्सपर्ट की राय

एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस रिसर्च एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, आज बाजार में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया। गिरावट की मुख्य वजहें निम्नलिखित हैं:

क्रूड ऑयल में मुनाफावसूली: कच्चा तेल आज $95 को पार करने की कोशिश के बाद भारी मुनाफावसूली के कारण 2% से ज्यादा टूटकर $91.50 के आसपास आ गया। हालांकि, जब तक क्रूड ऊंचे स्तर पर रहेगा, महंगाई की चिंता बनी रहेगी।

सख्त ब्याज दरें: अमेरिकी अर्थव्यवस्था के मजबूत आंकड़ों के कारण ब्याज दरों को लेकर सख्त रुख (High Interest Rates) बना हुआ है, जिससे सोने-चांदी पर दबाव बढ़ रहा है।

रुपये की कमजोरी: हालांकि भारतीय रुपये की कमजोरी ने एमसीएक्स (MCX) पर निचले स्तरों पर सोने को थोड़ा सहारा दिया, जिससे कीमतें गैप-डाउन ओपनिंग के बाद थोड़ी संभलीं।

अन्य खबरें