अन्नदाताओं को सौगात: कल आएगी 'PM-किसान' की 23वीं किस्त, 9 करोड़ किसानों के खातों में ट्रांसफर होंगे ₹18,800 करोड़

पश्चिम बंगाल के हुगली से पीएम मोदी जारी करेंगे किस्त; देशभर में मनेगा 'PM किसान उत्सव दिवस'; मानसून और अल नीनो पर सरकार की पैनी नजर।

19 Jun 2026  |  154

 

भोपाल/नई दिल्ली।

खरीफ सीजन की शुरुआत से ठीक पहले देश के करोड़ों किसानों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की है कि 20 जून को 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि' (PM-KISAN) योजना की 23वीं किस्त जारी की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से एक सिंगल क्लिक के जरिए देश के अन्नदाताओं के खातों में यह राशि सीधे (DBT) ट्रांसफर करेंगे।

कृषि मंत्री ने बताया कि इस किस्त के तहत देशभर के करीब 9 करोड़ किसानों के खातों में ₹18,800 करोड़ से अधिक की राशि भेजी जाएगी।

मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के किसानों को बड़ा लाभ

केंद्रीय मंत्री ने राज्यों के स्तर पर भी आंकड़ों की महत्वपूर्ण जानकारी साझा की:

मध्य प्रदेश: सूबे के 81.67 लाख किसानों के बैंक खातों में ₹1,634 करोड़ से अधिक की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी, जो खरीफ की बुवाई से पहले उनके लिए संबल बनेगी।

पश्चिम बंगाल: पहले राज्य के किसानों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पाता था, लेकिन अब बंगाल के 44 लाख 42 हजार छोटे और सीमांत किसानों को भी इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा।

अब तक का सफर: शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि पीएम-किसान योजना के तहत अब तक दी गई 22 किस्तों के माध्यम से देशभर के किसानों को करीब 4.28 लाख करोड़ रुपए सीधे भेजे जा चुके हैं।

देशभर में मनेगा 'PM किसान उत्सव दिवस'

इस बड़ी सौगात के अवसर पर पूरे देश में एक उत्सव का माहौल रहेगा। सरकार इस दिन को 'पीएम किसान उत्सव दिवस' के रूप में मनाने जा रही है:

व्यापक भागीदारी: देश के 731 कृषि विज्ञान केंद्रों (KVKs), 113 आईसीएआर (ICAR) संस्थानों, कृषि विश्वविद्यालयों और ग्राम पंचायत स्तर तक विशेष कार्यक्रम होंगे।

4 करोड़ किसान जुड़ेंगे: अनुमान है कि देश के विभिन्न हिस्सों से लगभग 4 करोड़ किसान इन कार्यक्रमों के जरिए सीधे जुड़ेंगे और प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन सुनेंगे।

MSP पर दलहन खरीदी और मानसून संकट पर रणनीति

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कृषि मंत्री ने खेती-किसानी से जुड़े कई अन्य अहम मुद्दों पर भी सरकार का रुख साफ किया:

मुद्दासरकार की तैयारी / फैसला
MSP पर दलहन खरीदी'PM-आशा' योजना के तहत यूपी, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और गुजरात को मूंग, उड़द और मसूर की एमएसपी पर खरीदी की अनुमति दे दी गई है। मध्य प्रदेश पर आज फैसला होने की उम्मीद है।
अल नीनो और कम बारिशमानसून में देरी और अल नीनो के प्रभाव को लेकर केंद्र अलर्ट है। मध्य प्रदेश के 16 जिलों के लिए विशेष कंटीजेंसी प्लान तैयार किया जा रहा है, जिसमें कम पानी वाली फसलों और वैकल्पिक खेती पर जोर होगा।
पराली प्रबंधनधान उत्पादक राज्यों को फसल अवशेष (पराली) प्रबंधन के लिए पहले से ही जरूरी कदम उठाने और समन्वय करने की सलाह दी गई है।

 

राजनीतिक चुटकी: "अब पछताए होत क्या..."

सत्र के दौरान जब मीडिया ने कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन के सत्याग्रह को लेकर सवाल पूछा, तो केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजनीतिक चुटकी लेते हुए अपनी चिरपरिचित शैली में कहा— "अब पछताए होत क्या, जब चिड़िया चुग गई खेत।"

अन्य खबरें