'चीची के कई अफेयर रहे, प्यार में सब बर्दाश्त करना पड़ता है': 'लॉक अप 2' में गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा के बयानों से मचा हड़कंप

फराह खान और रितेश देशमुख के रियलिटी शो में सुनीता ने किए हैरान करने वाले खुलासे; पैर में गोली लगने की घटना पर कसा तंज, सोशल मीडिया पर क्लिप वायरल।

28 Jun 2026  |  151

 

 

 

मुंबई:

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा की पत्नी और यूट्यूबर सुनीता आहूजा ने एक रियलिटी शो के मंच पर कुछ ऐसे हैरान करने वाले खुलासे किए हैं, जिसने फैंस और बॉलीवुड गलियारे को चौंका दिया है। सुनीता आहूजा हाल ही में (27 जून को) फराह खान और रितेश देशमुख द्वारा होस्ट किए जाने वाले चर्चित रियलिटी शो 'लॉक अप सीजन 2' (Lock Upp Season 2) के प्रीमियर एपिसोड में शामिल हुईं। शो के दौरान उन्होंने गोविंदा के वैवाहिक जीवन, उनके कथित अफेयर्स और उनकी जिंदगी से जुड़े कई राज़ बेहद बेबाकी से खोले।

"गोविंदा जैसा बेटा चाहिए, पति नहीं"

शो के दौरान जब होस्ट फराह खान ने सुनीता से जुड़ी एक पुरानी हेडलाइन— 'मुझे गोविंदा जैसा बेटा चाहिए, पति नहीं'—का जिक्र किया और इस पर उनकी प्रतिक्रिया मांगी, तो सुनीता ने खुलकर जवाब दिया। उन्होंने कहा:

"प्यार में तो आपको हर चीज बर्दाश्त करनी चाहिए। ची ची (गोविंदा का निकनेम) ने अपनी लाइफ में इतने अफेयर किए; चलो, हीरो-हीरोइन में तो यह सब होते ही रहता है। इसलिए मुझे लगता है कि इतने सालों तक मैंने ची ची का जो साथ निभाया है, उस अनुभव के आधार पर मैं कहती हूँ कि उनके जैसा बेटा होना चाहिए (पति नहीं)।"

 पैर में गोली लगने की घटना पर सुनीता का तीखा तंज

सुनीता ने उस चर्चित और डरावनी घटना का भी जिक्र किया जब गोविंदा ने गलती से खुद के पैर में गोली मार ली थी। इस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, "सुन रहे हो ची ची तो सुन लेना भैया, क्योंकि घुटनों पर गोली तभी लगती है जब कोई (तीसरा) लाइफ में आ जाती है। और इसमें भी मैंने कोई झूठ नहीं बोला है। देखो, मैं सही हूँ।"

उन्होंने उन अफवाहों को भी खारिज किया जिसमें लोग उन पर शक कर रहे थे। सुनीता ने मजाकिया लहजे में कहा, "मैं तो उस वक्त बॉम्बे (मुंबई) में थी ही नहीं, मैं तो खाटू श्याम में थी। वरना अगर मैं होती, तो मेरा निशाना कभी चूकता नहीं।"

 सोशल मीडिया पर फैंस हुए हैरान, मिले मिले-जुले कमेंट्स

सुनीता आहूजा का यह बेबाक अंदाज इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और इस वीडियो क्लिप को देखकर फैंस तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं:

एक यूजर ने लिखा, "विश्वास नहीं होता कि गोविंदा की पत्नी ने खुद कैमरे के सामने ऐसा कहा है।"

दूसरे यूजर ने सलाह देते हुए कहा, "सुनीता जी, प्लीज नेशनल टेलीविजन पर थोड़ा सोच-समझकर बोलिए।"

वहीं कुछ लोग उनके समर्थन में भी आए और तीसरे यूजर ने लिखा, "कम से कम वह बाकी स्टार वाइव्स की तरह बात छिपाकर दिखावा तो नहीं कर रहीं, बेहद ईमानदार हैं।"

 जानिए गोविंदा-सुनीता की शादी और 'लॉक अप 2' के बारे में:

शादी का सफर: गोविंदा और सुनीता ने साल 1987 में बेहद निजी समारोह में शादी की थी, जब गोविंदा के स्टारडम की शुरुआत हो रही थी। उन्होंने करीब दो साल तक अपनी शादी को दुनिया से छिपाकर रखा और बेटी टीना आहूजा के जन्म के बाद इसे सार्वजनिक किया। उनके दो बच्चे— टीना और यशवर्धन आहूजा हैं।

शो के बारे में: नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहे 'लॉक अप सीजन 2' के नए एपिसोड हर शनिवार से बुधवार रात 8 बजे रिलीज होते हैं। इस सीजन में राम कपूर, धीरज धूपर, हर्षद चोपड़ा, शिवांगी जोशी, श्रेया कालरा और आकांक्षा चौधरी जैसी कई जानी-मानी हस्तियां नजर आ रही हैं।

अन्य खबरें