CM-PM की करता था भविष्यवाणी, ढोंग का पर्दाफाश, रेप के बाद अब ₹40 लाख की ठगी में फंसे छत्तीसगढ़ के 'चावल बाबा'

भूत भगाने के नाम पर नोएडा के डॉक्टर को ठगा; महासमुंद जेल में बंद नरेंद्र नयन शास्त्री पर रायपुर में एक और FIR दर्ज।

09 Jul 2026  |  1191

 

 

रायपुर / महासमुंद। चमत्कार और अंधविश्वास का ढोंग रचकर लोगों की आस्था से खिलवाड़ करने वाले कथित संतों की फेहरिस्त में एक और बड़ा नाम बेनकाब हो गया है। छत्तीसगढ़ के महासमुंद में 'चावल बाबा' के नाम से मशहूर नरेंद्र नयन शास्त्री, जो पहले से ही दुष्कर्म (रेप) के संगीन आरोप में जेल की सलाखों के पीछे हैं, अब धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में फंस गए हैं।

एक मुट्ठी चावल में फूंक मारकर भूत-प्रेत और संकट भगाने का दावा करने वाले इस ढोंगी बाबा ने नोएडा के एक प्रतिष्ठित डॉक्टर से डरा-धमकाकर ₹40 लाख हड़प लिए। पीड़ित डॉक्टर की शिकायत पर रायपुर पुलिस ने बाबा के खिलाफ धोखाधड़ी का नया मामला दर्ज कर लिया है।

प्रेतबाधा का डर दिखाकर दो साल तक की उगाही

रायपुर पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, पीड़ित डॉ. ऋषभ चौबे अपने भाई की असामयिक मृत्यु के बाद मानसिक रूप से परेशान थे, जिसके बाद वे बाबा के संपर्क में आए। बाबा ने इसका फायदा उठाते हुए डॉक्टर और उनके परिवार पर भारी संकट और 'प्रेतबाधा' होने का खौफ पैदा कर दिया।

पूजा और लग्जरी कार के नाम पर वसूली: बाबा ने इस कथित प्रेतबाधा को दूर करने के लिए विशेष पूजा और अनुष्ठान कराने का झांसा दिया। अक्टूबर 2024 से लेकर फरवरी 2026 तक, बाबा ने धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर डॉक्टर से किस्तों में मोटी रकम वसूली। हद तो तब हो गई जब शातिर बाबा ने एक लग्जरी कार खरीदने के नाम पर भी डॉक्टर से पैसे ऐंठ लिए। दो साल में लाखों रुपए गंवाने के बाद भी जब परिवार को कोई राहत नहीं मिली, तब डॉक्टर को ठगी का अहसास हुआ।

सिर्फ चाय पीकर रहने का 'अंधविश्वास' और रसूख

नरेंद्र नयन शास्त्री ने खुद को चमत्कारी सिद्ध करने के लिए अपने आसपास ढोंग का एक बड़ा ताना-बाना बुन रखा था। बाबा के समर्थक समाज में यह दुष्प्रचार करते थे कि बाबा अन्न, फल यहाँ तक कि पानी भी नहीं पीते हैं, वे सिर्फ चाय पीकर जीवित रहते हैं।

इस कथित 'चमत्कार' और आडंबर के दम पर महासमुंद और पूरे छत्तीसगढ़ में बाबा ने अपनी तगड़ी धाक जमा रखी थी। राज्य के कई प्रभावशाली नेता, अधिकारी और रसूखदार लोग बाबा के दरबार में हाजिरी लगाते थे और उनके प्रवचनों में शामिल होते थे।

राजनीति और चुनावों की करता था भविष्यवाणी

जेल जाने से पहले बाबा का अहंकार इस कदर बढ़ा हुआ था कि वह खुद को 'त्रिकालदर्शी' दिखाता था। वह सरेआम भविष्यवाणी करता था कि देश का प्रधानमंत्री और राज्य का मुख्यमंत्री कौन बनेगा। यही नहीं, चुनावों के दौरान वह यह तक दावा करता था कि कौन सा विधायक कितने वोटों के अंतर से जीत दर्ज करेगा।

जेल में बंद बाबा की बढ़ीं मुश्किलें

'चमत्कारी संत' का चोला ओढ़े नरेंद्र नयन शास्त्री के पाप का घड़ा इसी साल जून में फूटा, जब उन पर एक महिला से दुष्कर्म (रेप) का केस दर्ज हुआ। इस मामले में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर महासमुंद सेंट्रल जेल भेज दिया था। अब नोएडा के डॉक्टर द्वारा रायपुर में दर्ज कराई गई ₹40 लाख की ठगी की FIR ने बाबा की मुश्किलों को कई गुना बढ़ा दिया है। जो भक्त कल तक बाबा के पैरों में गिरते थे, वे अब इस ढोंगी की हकीकत देखकर हैरान हैं।

अन्य खबरें