वेलिंगटन/नई दिल्ली: भारत की कूटनीतिक और आर्थिक नीति के मोर्चे पर एक और ऐतिहासिक कामयाबी हाथ लगी है। भारत और यूके के बीच हुए समझौते के बाद, अब भारत और न्यूजीलैंड के बीच भी फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) यानी मुक्त व्यापार समझौते का आधिकारिक ऐलान हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 40 वर्षों में न्यूजीलैंड की धरती पर कदम रखने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने हैं। पीएम मोदी के वहां पहुंचने से ठीक पहले ही न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने सोशल मीडिया के जरिए इस महा-डील की घोषणा कर दोनों देशों के रिश्तों में नए अध्याय की शुरुआत कर दी।
भारतीय रसोई में क्या-क्या होगा सस्ता?
इस मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के तहत न्यूजीलैंड से भारत आने वाले 57% सामान पर से टैरिफ (टैक्स) पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। इसके चलते भारतीय बाजारों और घरों में इस्तेमाल होने वाली कई चीजें अब बेहद सस्ती दरों पर मिलेंगी:
डेयरी उत्पाद: न्यूजीलैंड से आने वाला बटर (मक्खन), मिल्क पाउडर और चीज़ (Cheese) की कीमतें काफी घट जाएंगी।
फल: सेहत के लिए फायदेमंद मानी जाने वाली न्यूजीलैंड की 'कीवी' (Kiwi) और सेब अब कम दामों में उपलब्ध होंगे।
अन्य सामग्रियां: शहद, ऊन, स्क्रैप आयरन और कच्ची लकड़ी जैसी चीजों के दाम भी नीचे आएंगे।
भारतीय निर्यात और इन सेक्टर्स की चमकेगी किस्मत
इस डील का फायदा सिर्फ न्यूजीलैंड को ही नहीं, बल्कि भारतीय मैन्युफैक्चरर्स और एक्सपोर्टर्स को भी बड़े पैमाने पर मिलेगा। टैक्स घटने से न्यूजीलैंड के बाजारों में भारतीय सामान की पहुंच आसान होगी:
फर्मास्यूटिकल्स (दवाइयां): टैरिफ हटने से भारतीय दवाओं की मांग न्यूजीलैंड में तेजी से बढ़ेगी।
टेक्सटाइल और गारमेंट्स: भारतीय कपड़े और रेडीमेड गारमेंट्स वहां सस्ते होंगे, जिससे कपड़ा उद्योग को बड़ा बूस्ट मिलेगा।
इंजीनियरिंग और ऑटो पार्ट्स: मशीनरी, ऑटो पार्ट्स, आयुर्वेदिक व हर्बल प्रोडक्ट्स का निर्यात करने वाली कंपनियों के लिए नए रास्ते खुलेंगे।
युवाओं के लिए बड़ा मौका: हर साल 5,000 वर्क वीजा
आर्थिक फायदों के साथ-साथ यह डील भारतीय युवाओं और प्रोफेशनल्स के लिए रोजगार के नए द्वार खोलने जा रही है। इस समझौते के तहत न्यूजीलैंड सरकार हर साल 5,000 कुशल भारतीय प्रोफेशनल्स (Skilled Professionals) को वर्क वीजा जारी करेगी। इससे भारत के सर्विस और आईटी (IT) सेक्टर को बहुत बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
3-4 गुना बढ़ जाएगा दोनों देशों का व्यापार
मौजूदा समय में भारत और न्यूजीलैंड के बीच करीब 2.1 अरब डॉलर का व्यापार होता है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के आंकड़ों के मुताबिक, केवल वस्तुओं का व्यापार (Merchandise Trade) 1.16 अरब डॉलर रहा था। हालांकि, आर्थिक विशेषज्ञों का मानना है कि इस ऐतिहासिक एफटीए के लागू होने के बाद आने वाले कुछ ही वर्षों में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार में 3 से 4 गुना की भारी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।