गढ़वा।झारखंड के गढ़वा जिले में बेलचंपा में छठ घाट पर रविवार देर शाम एक व्यक्ति को गोली मारने का मामला सामने आया है।फायरिंग में घायल व्यक्ति की पहचान ज्ञान निकेतन आवासीय विद्यालय के संचालक अमित सिंह उर्फ बाबुल सिंह के रूप में हुई है।गढ़वा सदर अस्पताल में फिलहाल अमित का इलाज चल रहा है। फिलहाल अमित की हालत खतरे से बाहर है।
घटना से पहले तस्वीर भी पोस्ट की थी
मिली जानकारी के अनुसार बेलचंपा के अमित सिंह उर्फ बाबुल रविवार की देर शाम परिवार के साथ छठ मनाने स्थानीय जलाशय में गए थे।अमित सिंह की एक तस्वीर भी सामने आई है जिसमें अमित सिंह दउरा उठाए नजर आ रहे हैं।बताया जा रहा है कि यहीं अज्ञात अपराधियों ने गोली चलाई जो जाकर अमित सिंह के हाथ में लगी। आनन-फानन में उनको अस्पताल पहुंचाया गया जहां इलाज जारी है।बता दें कि विद्यालय का संचालन करने के साथ-साथ अमित सिंह की पहचान इलाके में एक समाजसेवी के रूप में भी है।अमित को पूर्व विधायक गिरिनाथ सिंह का करीबी माना जाता है।
आक्रोशित लोगों ने एनएच-75 को जाम किया
घटना से गुस्साए लोगों ने बेलचंपा में राष्ट्रीय राजमार्ग 75 को जाम कर दिया। आक्रोशित लोग घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।