सीएमपीडीआई में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया

सीएमपीडीआई में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया

31 Oct 2023  |  56

 



वरीय संवाददाता,रांची। सीएमपीडीआई ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल को उनकी जयंती के अवसर पर पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्रीय एकता में पटेल द्वारा निभाई गई भूमिका को याद किया। सीएमपीडीआई के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार ने कर्मियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।इस अवसर पर सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी और नैतिकता के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए एकता दौड़/रन फॉर यूनिटी का भी आयोजन किया गया।



 



इस अवसर पर सीएमपीडीआई के निदेशक (तकनीकी/पीएंडडी) अजय कुमार, निदेशक (तकनीकी/ईएस) सतीश झा, निदेशक (तकनीकी/आरडीएंडटी) अच्युत घटक, मुख्य सतर्कता अधिकारी सुमीत कुमार सिन्हा, महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्षगण तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे। 



 



क्षमता निर्माण की दिशा में नैतिकता और शासन पर एक सत्र का आयोजन



 



रांची 31 अक्टूबर। सीएमपीडीआई और सीसीएल ने संयुक्त रूप से आज दिनांक 31.10.2023 को संस्थान के मयूरी हॉल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के भाग के रूप में क्षमता निर्माण की दिशा में नैतिकता और शासन विषय पर एक सत्र का आयोजन किया।



 



इस सत्र में विशिष्ट अतिथि डॉ0 प्रवीण कुमारी सिंह, अपर सचिव, मुख्य सतर्कता आयोग, भारत सरकार ने अपने सम्बोधन में कहा कि प्रत्येक कर्मी सुशासन के लिए जिम्मेदार है और उन्हें अपने जीवन में पारदर्शिता, सत्यनिष्ठा और ईमानदारी को अंगीकार करना चाहिए।



 



डॉ सिंह ने कहा कि सुशासन सुनिश्चित करने के लिए संगठनों व संस्थानों को अपने दृष्टिकोण और मिशन दस्तावेजों और आचरण नियमों आदि में नैतिक तरीकों को शामिल करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि किसी भी संगठन का अस्तित्व कर्मियों द्वारा पालन किए जाने वाले नैतिक मानकों पर निर्भर करता है। कई संगठनों एवं व्यक्तियों के वास्तविक जीवन के उदाहरण प्रस्तुत किए जो भ्रष्ट आचरण के कारण पतन की ओर अग्रसर होते हैं।



 



सीएमपीडीआई के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार ने अपने भाषण में इस बात पर जोर दिया कि नैतिकता किसी भी संगठन की आधारशिला होनी चाहिए और किसी भी संगठन के समुचित कामकाज के लिए पारदर्शिता और जवाबदेही सबसे महत्वपूर्ण अंग है।



 



सीएमपीडीआई के मुख्य सतर्कता अधिकारी सुमीत कुमार सिन्हा ने अपने सम्बोधन में कहा कि निर्णय लेने में नैतिकता के एकीकरण और अच्छी नैतिक प्रथाओं को अपनाने से भ्रष्टाचार के मुद्दे का समाधान होगा।



 



इसके पूर्व, गणमान्य व्यक्तियों ने सरदार वल्लभ भाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित की तत्पश्चात सीआईएल का कॉरपारेट गीत का गायन हुआ। इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/पीएंडडी) अजय कुमार, निदेशक (तकनीकी/ईएस) सतीश झा, निदेशक (तकनीकी/आरडीएंडटी) अच्युत घटक, सीसीएल के निदेशक (तकनीकी/संचालन) राम बाबू प्रसाद, निदेशक (कार्मिक) हर्ष नाथ मिश्रा, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार, सीसीएल एवं सीएमपीडीआई के वरीय अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।


अन्य खबरें