सिक्किम में मूसलाधार बारिश के चलते हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। राज्य के ग्यालशिंग जिले के रिंबी क्षेत्र से भूस्खलन (लैंडस्लाइड) का एक बेहद खौफनाक वीडियो सामने आया है। पहाड़ों की ऊपरी ढलानों से आए मिट्टी, चट्टानों और मलबे के तेज बहाव ने निचले इलाकों में भारी तबाही मचाई है, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
30 से अधिक घर प्रभावित, मुख्य RCC पुल बहा
भारी बारिश के कारण रिंबी-सिंगलिटाम क्षेत्र में पहाड़ों से भारी मात्रा में मलबा नीचे आ गिरा, जिससे 30 से अधिक घर सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। मलबे के कारण NiK Kholsa स्ट्रीम के आसपास का खतरा भी काफी बढ़ गया है और मलबे से भरा पानी गांव की ओर बह रहा है।
प्रशासन के अनुसार, उफनते पानी और मलबे के भीषण बहाव की चपेट में आकर रिंबी का मुख्य RCC पुल पूरी तरह बह गया है, जिससे संपर्क मार्ग बाधित हो गए हैं।
इसे भी पढ़ेंः आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाओं का कहर: हादसों में मासूम समेत 6 की मौत; सीएम नायडू ने किया अलर्ट
128 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
स्थानीय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रिंबी गांव के 28 घरों के 128 प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। लगातार हो रही बारिश के कारण जमीन के और अधिक खिसकने की आशंका बनी हुई है, जिससे राहत और बचाव कार्यों में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसे भी पढ़ेंः उत्तराखंड SIR विवाद: फॉर्म 7 के 1.73 लाख आवेदनों में 95 हजार से ज्यादा मतदाता 'अपात्र' मिले, सियासत गरमाई
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने जताई गहरी चिंता
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने रिंबी की गंभीर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के लिए नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश और जनता से की अपील:
- हाई अलर्ट: प्रशासनिक अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने और स्थिति की पल-पल निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
- सर्तकता की अपील: CM ने स्थानीय निवासियों से सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया है।
- आपसी सहयोग: उन्होंने इस मुश्किल घड़ी में लोगों से एक-दूसरे की मदद करने की अपील की और भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव मदद पहुंचा रही है।





