जापान में आयोजित 20वें एशियन गेम्स में भारतीय ट्रैक एंड फील्ड के लिए एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। महिला पोल वॉल्ट स्पर्धा में तमिलनाडु की 25 वर्षीय एथलीट बरानिका एलंगोवन (Baranica Elangovan) ने 4.15 मीटर की ऊंचाई सफलतापूर्व पार कर ब्रॉन्ज मेडल (कांस्य पदक) अपने नाम कर लिया।
यह एशियन गेम्स के इतिहास में पुरुष या महिला, किसी भी वर्ग में पोल वॉल्ट स्पर्धा के अंतर्गत भारत का पहला मेडल है।
यूं मिला ऐतिहासिक ब्रॉन्ज
नागोया के मैदान पर आयोजित बेहद कड़े मुकाबले में:
- बरानिका एलंगोवन और कजाकिस्तान की पोलीना इवानोवा, दोनों ने ही 4.15 मीटर की छलांग सफलतापूर्वक लगाई।
- इसके बाद दोनों ही एथलीट 4.25 मीटर की अगली बाधा को पार करने से चूक गईं।
- नियमों के आधार पर, बरानिका और पोलीना इवानोवा दोनों को संयुक्त रूप से ब्रॉन्ज मेडल से सम्मानित किया गया।
इसे भी पढ़ेंः ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर सियासी संग्राम: सड़क पर उतरी कांग्रेस, CJP का 48 घंटे का अल्टीमेटम , देशभर में विपक्ष का प्रचंड हल्लाबोल
स्प्रिंटर से पोल वॉल्टर बनने तक का सफर
तमिलनाडु के मयिलादुथुरै स्थित कुथलम गांव की रहने वाली बरानिका एक बेहद साधारण किसान परिवार से आती हैं। पालयगुडलूर से स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद जब उन्होंने एथलेटिक्स शुरू किया, तब वह स्प्रिंट (दौड़) और लॉन्ग जंप की खिलाड़ी थीं।
- पहला बड़ा मोड़: चेन्नई के एथिराज कॉलेज में पढ़ाई के दौरान 'पुधुमै पेन फाउंडेशन' द्वारा पोल वॉल्टर की खोज के दौरान उनका चयन हुआ। यहां कोच मिलबर बर्ट्रेंड रसेल ने उन्हें पोल वॉल्ट की तकनीक सिखाई।
- अंतरराष्ट्रीय निखार: एमओपी वैष्णव कॉलेज से मास्टर्स करने के बाद, कोच मार्टिन ओवेन्स के मार्गदर्शन में वह दिसंबर 2022 में 'ओडिशा रिलायंस फाउंडेशन एथलेटिक्स हाई परफॉरमेंस सेंटर' से जुड़ीं, जहां से उनकी प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय धार मिली।
इसे भी पढ़ेंः आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाओं का कहर: हादसों में मासूम समेत 6 की मौत; सीएम नायडू ने किया अलर्ट
2023 का दर्द और 2026 में रिकॉर्ड्स का तूफान
बरानिका का एशियन गेम्स के पोडियम तक पहुंचने का रास्ता आसान नहीं था:
- हांगझोउ से बाहर होने का गम: साल 2023 में इंडियन ग्रां प्री 4 में 4.10 मीटर कूदने के बावजूद, भुवनेश्वर इंटर-स्टेट मीट में प्रदर्शन गिर जाने के कारण वह 2023 हांगझोउ एशियन गेम्स की टीम में जगह बनाने से चूक गई थीं।
- 2026 में धमाकेदार वापसी:
- मार्च 2026 में भुवनेश्वर में नेशनल इंडोर चैंपियनशिप में 4.22 मीटर की छलांग लगाकर रोजी मीना पॉलराज का नेशनल रिकॉर्ड तोड़ा और पहली इंडोर नेशनल चैंपियन बनीं।
- मई 2026 में कलिंगा स्टेडियम में अपने ही रिकॉर्ड को और सुधारते हुए 4.23 मीटर का नया कीर्तिमान स्थापित किया।
- चेन्नई में इंडियन ओपन और रांची में 29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 4.10 मीटर कूदकर दो गोल्ड मेडल जीते।
हांगझोउ गेम्स से बाहर होने की निराशा को भूलकर 2026 में लगातार रिकॉर्ड तोड़ने वाली बरानिका का यह ब्रॉन्ज मेडल, उनके वर्षों के कड़े त्याग, अटूट अनुशासन और भारतीय एथलेटिक्स के एक नए युग का जीवंत प्रमाण है।





