अंकित के आश्रितों को मदद के लिए बढ़े हाथ,जिप उपाध्यक्ष और जिला प्रशासन नें दिया आर्थिक सहयोग
हेरु नदी श्मशान घाट पर हुआ अंकित का अंतिम संस्कार, अधिकारी भी रहे मौजूद
पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चतरा।गुरुवार शाम शहर के मेन रोड जामा मस्जिद के पास अपराधियों के हमले में गंभीर रूप से घायल अंकित की मौत के बाद शहर के लोगों में आक्रोश है। आक्रोशित शहरवासियों के साथ-साथ पक्ष-विपक्ष सभी एक स्वर में हमलावरों को अविलंब गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।इधर मृतक अंकित का शव देर शाम रिम्स में पोस्टमार्टम के बाद रांची से चतरा के दिभा मोहल्ला पुरैनिया तालाब के पास उसके घर लाया गया।जवान बेटे का शव घर पहुंचते ही मां और बहनों के चित्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। यूं कहे तो पूरा इलाका गहरे शोक में डूब गया।
अंकित का शव चतरा पहुंचने के बाद उसके अंतिम संस्कार और दशकर्म भोज कार्य को लेकर उसके आश्रितों के मदद में कई हाथ उठने लगे हैं।जिला परिषद उपाध्यक्ष सह भाजपा नेता ब्रजकिशोर तिवारी उर्फ बिरजू तिवारी ने मृतक अंकित के घर पहुंचकर परिजनों को आर्थिक सहयोग दिया। साथ ही भोज कार्य के दौरान जरूरत के अनुरूप अन्य सहयोग भी प्रदान करने का आश्वासन दिया। वहीं दूसरी ओर जिला प्रशासन की ओर से भी बीडीओ,सीओ और थाना प्रभारी ने निजी तौर पर अंकित के परिजनों को आर्थिक सहयोग प्रदान किया है।इसके अलावा नियमानुसार अंकित के आश्रितों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के अलावा उनके जीविकोपार्जन को लेकर मृतक की बहन को अनुबंध पर किसी विभाग में नौकरी दिलाने में भी निजी तौर पर सहयोग देने का आश्वासन अधिकारियों ने दिया है। अधिकारियों नें कहा है कि अंकित एकलौता कमाऊ व्यक्ति था, उसके निधन के बाद परिजनों के समक्ष आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न न हो इसे लेकर मानवीय आधार पर जिला प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। अधिकारियों के मौजूदगी में ही अंकित का हेरु नदी श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में भारी संख्या में भीड़ जुटी।
अंकित हत्याकांड में शामिल सभी हमलावर घटना के बाद से इलाका छोड़कर फरार हैं।मृतक अंकित के परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस सभी हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर एसआईटी के नेतृत्व में लगातार दबिश दे रही है। हमलावरों के सभी संभावित ठिकानों पर नियमित छापामारी अभियान चलाने के साथ-साथ हमलावरों के परिजनों से भी कड़ाई से पूछताछ जारी है।ताकि किसी भी परिस्थिति में अंकित की हत्या में संलिप्त हमलावरों के साथ-साथ अज्ञात अपराधियों को भी चिन्हित कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
सूत्रों के अनुसार एएसपी अभियान ऋत्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित एसआईटी चतरा के अलावा कई अन्य जिलों में भी लगातार छापमारी कर रही है। एसआईटी में शामिल अधिकारियों नें साफ तौर पर कहा है कि घटना के बाद से भूमिगत हुए सभी नामजद और अज्ञात अपराधियों को किसी भी सूरत में पुलिस ढूंढकर सजा दिलाएगी। हालांकि इस मामले में पुलिस कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही सभी हमलावर पुलिस के गिरफ्त में होंगे। हालांकि यह भी सूचना है कि घटना में संलिप्त कई अपराधी न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की योजना में हैं। जिसे लेकर पुलिस की चौकसी भी बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि अगर आरोपी न्यायालय में आत्मसमर्पण भी करते हैं तो उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ किया जाएगा, ताकि अंकित हत्याकांड से पूरी तरह पर्दा उठ सके।





