प्रतिनिधि,टंडवा (चतरा)। मंगलवार की दोपहर को टंडवा- रांची फोरलेन बाईपास सड़क किनारे नवनिर्मित सीआरपीएफ कैंप के सामने एक तेज रफ्तार अज्ञात कोल वाहन के चपेट में आने से स्थानीय व्यक्ति आनंदी भुइयां गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि इस हादसे में घायल व्यक्ति के दोनों पैर को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त होने के कारण एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल में ले जाकर इलाज कराया गया। वहीं आक्रोशित परिजनो व ग्रामीणों ने घटनास्थल में जमा होकर सड़क को जाम कर दिया। परिजन समुचित मुआवजा की मांग कर रहे थे।ग्रामीण जानमाल की सुरक्षा को लेकर चौबीसों घंटे होने वाले कोल वाहनों के परिचालन पर भी रोक लगाने पर अड़े हुए थे।
आपको बता दें कि उक्त घटनास्थल क्षेत्र टंडवा के व्यस्ततम जगहों में से एक है। जहां फोरलेन बाईपास सड़क का उपयोग राहगीरों,अंचल व ब्लाॅक जाने वाले आमजन व वनांचल कालेज में पढ़ने वाले विद्यार्थी दिनभर आते -जाते रहते हैं।जबकि चट्टी बारीयातु व आम्रपाली कोल परियोजना से कोयला लेकर निकलने वाले वाहनों का भी चौबीसों घंटे परिचालन होता है,जिससे यहां लगातार दुर्घटनाऐं होने लगी है। दूसरी ओर ग्रामीणों की मानें तो अनियंत्रित वाहनों के परिचालन के कारण अब तक जानमाल की भारी क्षति होने के बावजूद महज जांच के नाम पर खानापूर्ति करने में परिवहन विभाग समेत जनप्रतिनिधि व जिला प्रशासन लगे है और मूकदर्शी रवैया अपनाए हुए हैं,जिस पर घोर नाराज़गी व्यक्त की जा रही है।
आपको बताते चलें कि घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन कोई भी ट्रांसपोर्टर जबाबदेही लेने को तैयार नहीं है। कोयलांचल क्षेत्र में चार से पांच कंपनियों का होता है कोल ट्रांसपोर्टिंग। समाचार लिखे जाने तक जाम के कारण कोल वाहनों का तांता लगा हुआ था।





