प्रतिनिधि,चाईबासा। अनुदान आधारित संचालित उच्च विद्यालय खैरपाल एवं उच्च विद्यालय, खड़पोस, मझगांव के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी की समस्या को लेकर झारखंड विधानसभा बजट सत्र में शून्यकाल के दौरान मझगांव विधानसभा के माननीय विधायक निरल पूर्ति ने समस्या को रखा।





इस संबंध में जानकारी देते हुए विधायक निरल पूर्ति ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत अनुदान आधारित संचालित उच्च विद्यालय, खैरपाल एवं उच्च विद्यालय, खड़पोस, मझगांव के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी जो अपने विद्यालय के छात्र-छात्राओं के शिक्षण कार्य में पूर्ण रूप से कर्त्तव्यनिष्ठ हैं,लेकिन इन विद्यालयों को विगत वित्तीय वर्ष 2020-2021 से लगातार अनुदान आवंटित नही की जा रही है,जिससे इनकी आर्थिक स्थिति काफी दयनीय हो चुकी है। अतएव उपर्युक्त वर्णित तथ्यों के आलोक में मैं सरकार से सदन के माध्यम से उच्च विद्यालय, खैरपाल एवं उच्च विद्यालय, खड़पोस, मझगांव के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के वेतन भुगतान हेतु अनुदान की राशि उपलब्ध कराने की मांग करता हूं,जिससे अनुदान आधारित शिक्षक और कर्मियों को विद्यालय के संचालन में सुविधा हो सके।





झारखंड सरकार हर क्षेत्र में विकास को लेकर बेहतर कार्य कर रही है । इन दोनों विद्यालय उड़ीसा क्षेत्र से सटे हुए हैं,जिससे छात्र छात्राओं को पठन-पाठन में किसी प्रकार की परेशानी ना हो, इसका भी विशेष ध्यान दिया जाए। शिक्षक और शिक्षण कर्मियों को 2020-21 में मिलने वाले अनुदान आधारित राशि मिल जाने से उनको काम करने में भी आसानी होगी। जिस प्रकार झारखंड में शिक्षा का विकास लगातार हो रहा है,उम्मीद है कि इन लोगों की समस्या को भी सरकार ध्यान में देकर शिक्षा का माहौल बेहतर करेगी। वहीं शिक्षक और कर्मियों को भी अपने दायित्व जिम्मेदारी को पूरा करते हुए बेहतर रिजल्ट देने का प्रयास करना चाहिए,जिससे सरकार और प्रशासन का ध्यान खुद-ब-खुद विद्यालय की ओर जाए।