प्रतिनिधि,गिरिडीह।गिरिडीह जिले में एंटी करप्शन टीम ने इस बार रिश्वत के मामले में ग्राम पंचायत के एक मुखिया को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।बताया जाता है कि जिले के ग्रामीण इलाकों में रिश्वतखोरी बदस्तूर जारी रहने से ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना पड़ रहा है।साथ ही विकास योजनाओं में भी बुरा प्रभाव पड़ने की संभावना व्यक्त की जाती है,लेकिन जन प्रतिनिधि और कर्मचारी है कि उनमें जरा भी खौफ प्रतीत नहीं होते।
जिले के जमुआ थाना क्षेत्र में एक मुखिया घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा गया।एंटी करप्शन ब्यूरो की एक टीम ने जमुआ थाना के नजदीक 9 हजार रूपये घूस लेते हुए जमुआ प्रखण्ड के चरघरा पंचायत के मुखिया महावीर दास को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम उसे अपने साथ धनबाद लेकर चली गयी।
मिली जानकारी के अनुसार घूसखोर मुखिया महावीर दास अबुआ आवास योजना को लेकर खरखो निवासी बालेश्वर राय से घूस की मांग कर रहा था। इसके बाद बालेश्वर राय ने एसीबी से इसकी शिकायत की।शिकायत के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया,जिसके बाद टीम प्लान के मुताबिक जमुआ पहुंची और जमुआ थाना के नजदीक बालेश्वर राय की पत्नी के हाथों घूस का रकम लेते हुए मुखिया को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि सप्ताह दिन के अंदर जिले में एसीबी की यह दूसरी कार्रवाई है। इसके पूर्व शनिवार को ही जिले के पीरटांड प्रखंड परिसर में 3 हजार रूपये घूस लेते हुए एसीबी की टीम ने पंचायत सचिव मंसूर अली को गिरफ्तार किया था।गिरिडीह जिले में निरंतर एसीबी की कार्रवाई से हडकंप का माहौल है। वहीं लगातार कार्रवाई के बाद भी रिश्वत का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है।





