मुंबई (यारी रोड)। 'महाभारत' में द्रोणाचार्य और 'रामायण' जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों से पहचान बनाने वाले दिग्गज अभिनेता सुरेंद्र पाल और मुंबई के यारी रोड स्थित 'पार्क व्यू सोसायटी' के निवासी एक निजी डेवलपर की गुंडागर्दी और विवाद से बेहद खौफजदा हैं। आरोप है कि बुधवार (30 सितंबर) को बिल्डर के लोग करीब 150 बाउंसरों, कुत्तों और JCB के साथ जबरन सोसायटी परिसर में घुस आए। इस दौरान निवासियों के विरोध करने पर मारपीट और पत्थरबाजी भी हुई।

घटना से आहत और डरे अभिनेता सुरेंद्र पाल ने मुंबई की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दर्द बयां करते हुए कहा कि उनके दोनों बेटे मुंबई में सुरक्षित महसूस न होने के कारण शहर छोड़कर गोवा चले गए हैं और वहां किराए के मकान में रह रहे हैं। अभिनेता ने कहा कि हालात ऐसे हो गए हैं कि अब उनका खुद भी महाराष्ट्र में रहने का मन नहीं कर रहा है।

क्या है पूरा विवाद? यारी रोड स्थित 'इनलैक्स बिल्डिंग' को करीब दो साल पहले एक निजी डेवलपर ने रीडेवलपमेंट के लिए लिया था। इसके पास ही 'गुलमोहर' और 'पार्क व्यू' नाम की सोसायटियां स्थित हैं। दो महीने पहले बिल्डर ने पार्क व्यू सोसायटी को रीडेवलपमेंट के लिए 'एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट' (EOI) भेजा था, लेकिन निवासियों ने इसमें कोई रुचि नहीं दिखाई। निवासियों का कहना है कि तीनों सोसायटियों के बीच कॉमन रोड और एंट्रेंस को लेकर मुख्य विवाद है।

इसे भी पढ़ेंः बिहार: गंडक नदी के भीषण दबाव से टूटा चंपारण तटबंध, कई गांव जलमग्न; प्रशासन अलर्ट पर

बुधवार को क्या हुआ?

  • सुबह 11 बजे का हमला: निवासियों के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे बिल्डर के लोग मध्य प्रदेश, पंजाब और चंडीगढ़ से लाए गए करीब 150 लोगों, महिला-पुरुष बाउंसरों और JCB के साथ पहुंचे। उन्होंने मानव श्रृंखला बनाकर JCB को अंदर घुसाने की कोशिश की।
  • मारपीट और गेट उखाड़ा: जब सोसायटी के लोगों ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट की गई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद जब निवासी बैठक कर रहे थे, तभी आरोपी दोबारा आए और सोसायटी का मुख्य गेट उखाड़कर अपने साथ ले गए।
  • आधी रात को निर्माण का आरोप: इससे पहले भी बिल्डर पर देर रात 2 बजे घुसकर पिलर खड़े करने, खुदाई करने और पार्किंग को नुकसान पहुंचाने का आरोप लग चुका है।

इसे भी पढ़ेंः दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर महाप्रहार: 1 अक्टूबर से बिना वैध PUCC गाड़ियों को नहीं मिलेगा ईधन

मामले में एफआईआर दर्ज सोसायटी के लोगों का कहना है कि उनके पास पूरी घटना का वीडियो साक्ष्य मौजूद है और उन्होंने JCB को मौके पर ही रोक कर रखा था। मामले की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर एफआईआर (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर, बिल्डर ग्रुप का दावा है कि वे नियमों के तहत काम कर रहे हैं और विवाद केवल तीनों सोसायटियों के साझा रास्ते (कॉमन रोड) को लेकर है।

#SurendraPal #YariRoad #MumbaiNews #Versova #ReconstructionControversy #MumbaiPolice #MaharashtraNews #ParkViewSociety

#सुरेंद्र_पाल #यारी_रोड #मुंबई_समाचार #महाराष्ट्र_समाचार #वर्सोवा #बिल्डर_विवाद #मुंबई_पुलिस