अमेरिकी नौसेना (US Navy) के 251वें जन्मदिन के अवसर पर सोशल मीडिया पर बधाई देना कई अमेरिकी राजनेताओं, गवर्नरों और सरकारी अधिकारियों के लिए भारी पड़ गया। शुभकामनाएँ देने की हड़बड़ी और जल्दबाजी में इन दिग्गजों ने अमेरिकी युद्धपोतों की जगह भारतीय नौसेना और अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी रूस के खतरनाक युद्धपोतों की तस्वीरें शेयर कर दीं। इस बड़ी और हास्यास्पद चूक के बाद अब सोशल मीडिया पर इन नेताओं का जमकर मज़ाक उड़ाया जा रहा है।
प्रमुख नेताओं से हुईं ये बड़ी गलतियां:
- जॉर्जिया के गवर्नर ब्रायन पी. केम्प: गवर्नर केम्प ने एक्स (ट्विटर) पर अमेरिकी नौसेना को सलाम करते हुए पोस्ट किया, लेकिन इसके साथ उन्होंने भारतीय नौसेना के युद्धपोतों INS गोदावरी, INS ब्रह्मपुत्र और INS ब्यास की पुरानी तस्वीर लगा दी। द वॉल स्ट्रीट जर्नल के पत्रकार डेव ब्राउन ने इस गलती को तुरंत पकड़ लिया। यह तस्वीर साल 2008 में भारत और अमेरिका के बीच हुए संयुक्त नौसैनिक अभ्यास 'मालाबार' की बताई जा रही है।
- ओहियो के स्टेट रिप्रेजेंटेटिव माइक डोविला: हैरानी की बात यह है कि खुद अमेरिकी नौसेना के पूर्व लेफ्टिनेंट कमांडर रह चुके माइक डोविला ने बधाई संदेश के साथ रूसी नौसेना के युद्धपोत की तस्वीर शेयर कर दी।
- US बॉर्डर पेट्रोल के अधिकारी: अमेरिकी बॉर्डर पेट्रोल के अधिकारी जेफरी जे. डिनिस ने रूसी किरोव-क्लास बैटलक्रूजर की तस्वीर पोस्ट कर अमेरिकी नेवी को बधाई दे डाली।
- नॉर्थ कैरोलििना के सांसद टिम मूर: सांसद टिम मूर ने भी वही तस्वीर शेयर की, जिसमें भारतीय नौसेना के तीन फ्रिगेट नजर आ रहे थे।
- सैन डिएगो के मेयर टॉड ग्लोरिया: मेयर टॉड ग्लोरिया ने अमेरिकी नौसेना की वर्षगांठ पर सोवियत काल के पुराने क्रूजर 'मिखाइल कुतुजोव' की तस्वीर साझा कर दी।
- फ्रीडम कॉकस फाउंडेशन: रिपब्लिकन पार्टी से जुड़े इस प्रमुख थिंक टैंक के सोशल मीडिया हैंडल से भी भारतीय नौसेना के फ्रिगेट INS त्रिकंद की तस्वीर पोस्ट की गई।
इसे भी पढ़ेंः हूती विद्रोहियों के मिसाइल व ड्रोन हमलों ने उड़ाई नींद, अमेरिकी 'पैट्रियट' एयर डिफेंस सिस्टम हुआ फेल
अमेरिकी नौसेना का इतिहास
दुनिया की सबसे ताकतवर और विशाल नौसेनाओं में शुमार अमेरिकी नौसेना की स्थापना 14 अक्टूबर 1775 को हुई थी। कॉन्टिनेंटल कांग्रेस ने ब्रिटिश आपूर्ति जहाजों का मुकाबला करने के उद्देश्य से उस समय पहले सशस्त्र जहाजों को तैनात करने की मंजूरी दी थी, जिसकी वर्षगांठ हर साल धूमधाम से मनाई जाती है—लेकिन इस बार यह उत्सव सोशल मीडिया पर तकनीकी और तथ्यात्मक अज्ञानता के कारण चर्चा का विषय बन गया।
#USNavy #USNavy251 #IndianNavy #INSGodavari #GlobalNews #SocialMediaBlunder #BreakingNewsHindi





