पलामू।झारखंड में विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने के बाद सियासी पारा हाई है।आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है।सभी प्रत्याशी जीत के लिए कमर कसकर चुनावी मैदान में डटे हैं।असम के मुख्यमंत्री और झारखंड विधानसभा चुनाव के भारतीय जनता पार्टी के सह-प्रभारी हिमंता विस्वा सरमा शनिवार को पलामू जिले के नीलांबर-पीतांबरपुर में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी कुशवाहा शशिभूषण मेहता के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया।
असम सीएम हिमंता विस्वा सरमा ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में संथाल से लेकर पलामू तक जनसंख्या में व्यापक बदलाव हुआ है।घुसपैठियों की वजह से राज्य में हिन्दुओं की आबादी घटती गई,जबकि मुस्लिम लगातार बढ़ रहे हैं।ऐसे में हिन्दुओं को एकजुट होना होगा। जब हिन्दू एकजुट हो जाए तो सबकुछ कर सकता है। हिन्दू एक रहेगा तो भारत विश्व गुरु भी बनेगा और सनातन संस्कृति भी बचेगी।
सीएम हिमंता विस्वा सरमा ने कहा कि हेमंत सोरेन ने 35 करोड़ रुपये का मालिक किसी हिन्दू को नहीं,इरफान अंसारी और आलमगीर आलम जैसे लोगों को बनाया। यह समझने के काफी है कि झारखंड सरकार सनातन की नहीं है।हिमंता ने कहा कि मैंने जब हुसैनाबाद का नाम बदलने की बात कही तब मुझपर केस लाद दिया गया।हमने असम में मदरसा बंद करने की मुहिम शुरू की।लोगों ने पूछा इरादा क्या है तब मैंने कहा था कि हमें मदरसा नहीं, डॉक्टर और इंजीनियर चाहिए। यह चुनाव सनातन की रक्षा और झारखंड के विकास के लिए है।
सीएम हिमंता विस्वा सरमा ने कहा कि जब सनातन एक होता है, तब इरफान अंसारी और आलमगीर आलम जैसे व्यक्ति भागने लगते हैं।इनमें सनानत का सामना करने की हिम्मत नहीं है। ये सामना करने की तब सोचते हैं, जब हिन्दू जातियों में बंट जाता है।चुनावी सभा को प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र राय,पांकी विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी कुशवाहा शशिभूषण मेहता,जिलाध्यक्ष अमित तिवारी आदि ने संबोधित किया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने झारखंड की बहनों को भाई दूज की शुभकमानाएं देते हुए कहा कि झारखंड की कई बहनें ऐसी हैं, जो भाई के माथे पर भाई दूज का तिलक नहीं लगा पाएंगी।शिवराज ने कहा कि उत्पाद सिपाही बहाली के नाम पर इंडिया गठबंधन की सरकार ने ऐसा दौड़ाया कि वह जिंदगी की जंग हार गए। कई बहनों के भाई छीन लिए। शिवराज शनिवार को रांची में मीडिया को संबोधित कर रहे थे। शिवराज ने कहा कि बहाली के नाम पर ऐसी अव्यवस्था पहले कहीं नहीं देखी। डेढ़ दर्जन नौजवान जिनकी माता और बहनों को वर्दी पहने बेटे-भाइयों का इंतजार था, वे अब इस दुनिया में नहीं हैं। आज भी बहनें सोच रही हैं कि किसके माथे भाई दूज का टीका लगाएं। शिवराज ने कहा कि जनता की अदालत में इंडिया गठबंधन को इन सवालों का जवाब देना होगा।





