पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,बड़कागांव।बड़कागांव प्रखंड के प्लस टू हाईस्कूल के खेल मैदान में आजसू पार्टी का विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन होना है,जिसमें पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो,वरीय उपाध्यक्ष सह गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, गोमिया विधायक डॉक्टर लंबोदर महतो,रामगढ़ विधायक सुनीता चौधरी,केंद्रीय उपाध्यक्ष पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता,केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉक्टर देवशरण भगत, बड़कागांव विधानसभा प्रभारी रोशनलाल चौधरी सहित कई केंद्रीय नेता सम्मेलन में शामिल होंगे,जिसको लेकर बड़कागांव प्रखंड आजसू कमेटी पिछले एक सप्ताह से लगातार तैयारी में जुटी हुई है।पूरा प्रखंड आजसू पार्टी के झंडा बैनरों से पाट दिया गया है।





इस संबंध में बड़कागांव विधानसभा प्रभारी रोशनलाल चौधरी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में यह ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा। इस सम्मेलन में बीस हजार से भी अधिक कार्यकर्ता पहुंचकर वर्तमान विधायक और झारखंड सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए शपथ लेंगे। स्थानीय विधायक और झारखंड सरकार के दमनकारी नीतियों के खिलाफ पूरा जनता एकत्रित हो रहा है।