जमशेदपुर। सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर-गम्हरिया के बाद अब जंगली तेंदुआ का खौफ जमशेदपुर के कदमा क्षेत्र में पहुंच गया है। 13 दिनों शुक्रवार को कदमा के बायोडायवर्सिटी पार्क में तेंदुआ देखा गया। जिसके कारण लोगों में खौफ व्याप्त है। तेंदुआ देखे जाने को बाद वन्य विभाग ने पार्क को सील कर दिया है। साथ ही उस ओर जाने से लोगों को मना कर दिया गया है। दूसरी ओर विभाग ने आम लोगों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। जिसमें लोगों से सतर्क रहने तथा भटके हुए तेंदुआ के रेस्क्यू में वन विभाग की टीम को सहयोग करने की अपील की गई है। इससे पहले शुक्रवार की सुबह पार्क में टहलने गए लोगों ने झाड़ियों की ओट में तेंदुआ को देखा। इसकी जानकारी गार्ड को दी गई। गार्ड ने भी तेंदुआ देखा, इस दौरान कुछ लोगों ने मोबाइल में उसकी तस्वीर कैद की। हालांकि कुछ ही देर के बाद तेंदुआ वहां से ओझल हो गया। हालांकि उसके बाहर निकलने की संभावना को देखते हुए वन्य विभाग ने पार्क के गेट को बंद कर दिया तथा रस्सी से उस क्षेत्र को घेर दिया। डीएफओ ममता प्रियदर्शी ने बताया कि कदमा स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में एक तेन्दुआ देखा गया है, जिसके उपरान्त वन विभाग के द्वारा बचाव अभियान के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। बचाव अभियान के लिए आवश्यक संयत्रों की व्यवस्था की जा चुकी है।



विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी





बच्चों को घर के बाहर अकेले नहीं छोड़ें, रात्रि के समय किसी भी प्रयोजन के लिए घर से बाहर कम से कम चार-पांच वयस्क व्यक्तियों के समूह में निकलें, मवेशियों को चारागाह में ले जाने के समय कम से कम चार-पांच वयस्क व्यक्तियों के समूह में जायें, मवेशियों के गले में ध्वनि उत्पन्न करने वाले उपकरण का प्रयोग करें, अपने पालतू जानवरों को घर से बाहर अकेले न छोड़ें, झाड़ीनुमा क्षेत्रों में शाम या सुबह के समय शौच के लिए बाहर नहीं निकले, अपने घरों के आस-पास रसोई का कचरा जमा न करें, क्योकि यह आवारा कुत्तों को उस स्थान पर आमंत्रित करता है, जो बदले में तेंदुए की आवाजाही की संभावना बनाता है, घरों के पास की झाड़ी को साफ रखें एवं घर के बाहर एवं गलियों में प्रकाश की व्यवस्था रखें, नशे की हालत में अकेले घर से बाहर नहीं निकलें, किसी भी प्रकार के भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें एवं वन विभाग से अविलंब सम्पर्क करें।



इन नंबरो पर दें तेंदुआ की जानकारी





1. 8987790334, वन प्रमंडल पदाधिकारी, जमशेदपुर वन प्रमंडल

2. 9771283269, वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी, मानगो वन प्रक्षेत्र

3. 18003456486 (हेल्पलाईन नम्बर) जमशेदपुर वन प्रमंडल कार्यालय