वाराणसी।इस बार चैत्र नवरात्रि की शुरुआत 22 मार्च से होगी। नवरात्रि पर देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी चमचमाने वाली है।काशी को 1450 करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात मिलेगी।वाराणसी सांसद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 24 मार्च को काशी आएंगे। पीएम काशी की जनता को लगभग 25 परियोजनाओं की सौगात देंगे और लगभग 200 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे।
पीएम मोदी देश के पहले अर्बन ट्रांसपोर्ट रोपवे की नींव भी रखेंगे।काफी समय से काशी के लोगों को अर्बन ट्रांसपोर्ट रोपवे का इंतजार था।अर्बन ट्रांसपोर्ट रोपवे 664.49 करोड़ रुपए की लागत से बनकर तैयार होगा। यह रोपवे 5 स्टेशनों से होकर गुजरेगा। कैंट से गोदौलिया की दूरी महज 16 मिनट में पूरी होगी। 10-12 फरवरी को लखनऊ में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में इसकी नींव रखी गई थी। रोपवे का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि आपके पैसों की बचत के साथ-साथ ट्रैफिक की मारा-मारी से भी छुटकारा मिलेगा।
आपको बता दें कि कैंट से गोदौलिया तक की दूरी लगभग पांच किलोमीटर है।ऑटो या ई-रिक्शा से गौदालिया पहुंचने में 45 मिनट का समय लग जाता है।अर्बन रोपवे के तैयार होने से इसकी दूरी 3.8 किमी हो जाएगी और समय भी बचेगा। इस प्रोजेक्ट में तेजी आए, इस कारण यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए 6 विभागों को 31 करोड़ रुपये अलॉट किए गए थे।





