प्रतिनिधि, बिहिया,आरा। नगर स्थित आरओबी पर वाहन खड़ा कर बाजार में खरीदारी करने या माल लोडिंग व अनलोडिंग करने वालों पर पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। ऐसा करने वाले लोगों को अब भारी जुर्माना भी देना पड़ सकता है और साथ हीं उनके वाहनों की हवा भी पुलिस निकाल सकती है। मालूम हो कि बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे 102 स्थित बिहिया आरओबी पर वाहनों के मालिक अपनी वाहन खड़ी कर बाजार में आराम से सामान खरीदारी करते रहते हैं। इसके अलावा कई दुकानदार आरओबी पर मालवाहन वाहन खड़ा करवाकर लोडिंग या अनलोडिंग कराते रहते हैं जिसके कारण हमेशा ही जाम लगा रहता है और जाम को छुड़ाने में पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ती है। ऐसी ही स्थिति से निपटने को लेकर पुलिस ने अब कमर कस लिया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष उदय भानू सिंह ने बताया कि आरओबी पर वाहन पार्क करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि इस संबंध में पहले बोर्ड लगवा रहे हैं ताकि लोग आरओबी पर वाहन पार्क न करें। अगर चेतावनी के बाद भी लोग वाहन पार्क करेंगे तो जुर्माना वसूल किया जाएगा.।





