प्रतिनिधि,चतरा। राज्य में चल रहे मतदाता पुनरीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला एवं प्रखंड स्तर पर अधिकारी संलग्न है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक चतरा के निर्देशानुसार इटखोरी थाना प्रभारी विनोद कुमार के द्वारा धनखेरी पंचायत के कल्याणपुर गांव में मतदाता जागरूकता अभियान चलाकर 80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं के बीच जागरूकता लाने का सार्थक प्रयास किया गया।





इस कार्यक्रम के द्वारा थाना प्रभारी ने 80 वर्ष एवं उससे अधिक उम्र के मतदाताओं को गुलाब का फूल प्रदान कर उन्हें लोकतंत्र के महापर्व में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के प्रति प्रोत्साहित किया। थाना प्रभारी के द्वारा लोगों को यह बताया गया कि आपके द्वारा दिया गया एक वोट देश के लिए बहुमूल्य है। अपने मतों का प्रयोग करके आप सभी देश के निर्माण में तथा देश के शासन व्यवस्था में अपना बहुमूल्य योगदान देंगे।





इस दौरान थाना प्रभारी में लोगों को प्रोत्साहित करते हुए मतदान के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर धनखेरी पंचायत के मुखिया संतोष राम उपस्थित थे। मुखिया संतोष राम ने भी बुजुर्गों के बीच जाकर बुजुर्ग मतदाताओं से अपील किये और पंचायत के 80 वर्ष एवं उससे अधिक उम्र के मतदाताओं को मताधिकार के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों समेत कई पुलिसकर्मी उपस्थित थे।