पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,इटखोरी,चतरा।केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हवाई मार्ग से हेलीकॉप्टर द्वारा इटखोरी पहुंचे। इनके साथ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान,केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष एवं झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी भी पहुंचे। इटखोरी पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता,सांसद कालीचरण सिंह, सिमरिया विधानसभा के विधायक किशुन कुमार दास, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, बरही विधानसभा के पूर्व विधायक मनोज कुमार यादव, भारतीय जनता पार्टी के नेता बटेश्वर मेहता, पूर्व भाजपा प्रत्याशी सुजीत भारती, जिला महामंत्री मृत्युंजय कुमार सिंह, भारतीय जनता पार्टी के नेता जीतन राम समेत कई नेताओं ने गर्मजोशी के साथ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत किया।
सबसे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऐतिहासिक मां भद्रकाली मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद सभा स्थल के लिए सड़क मार्ग से रवाना हुए। सभा स्थल पर चतरा सांसद कालीचरण सिंह सिमरिया विधानसभा के विधायक किशुन कुमार दास ने मां भद्रकाली का स्मृति चिन्ह रक्षा मंत्री को भेंट किया।
परिवर्तन सभा स्थल बी+ 2 हाईस्कूल इटखोरी का प्रांगण लोगों की भीड़ से खचाखच भरा हुआ था। हजारों की तादाद में रक्षा मंत्री को सुनने के लिए लोग जुटे हुए थे। सभा स्थल पर भद्रकाली महाविद्यालय की छात्राओं ने कुमकुम रोली का तिलक लगाकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू का पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया।
परिवर्तन सभा के मंच से अपने संबोधन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने झारखंड सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि झारखंड की जनता को अब समझने की आवश्यकता है। राज्य अराजकता के दौर से गुजर रहा है।एक और भ्रष्टाचार है और दूसरी ओर राज्य की निकम्मी सरकार है।राज्य में तुष्टिकरण का खेल हो रहा है,बांग्लादेशियों को संरक्षण प्राप्त है, यहां की सरकार उन्हें संरक्षण दे रही है। अपने संबोधन में उन्होंने राज्य में घटित कई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अब आवश्यकता है सरकार को बदलने की झारखंड परिवर्तन चाहता है।झारखंड में। भ्रष्टाचार,बेरोजगारी,विस्थापन,पलायन जैसी कई समस्याओं पर उन्होंने चर्चा करते हुए कहा कि झारखंड की जनता को इस सरकार को उखाड़ फेंकना है। यह सरकार विकास के हर मोर्चे पर असफल है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मंच से संबोधित करते हुए जनता का आह्वान किया कि राज्य में अब परिवर्तन की लहर चल रही है। राज्य की सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। पिछले दिनों घटित घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा की परीक्षाओं में कदाचार, नियुक्तियों में गड़बड़ी, राज्य के नौजवानों का अन्य राज्यों की ओर नौकरी के लिए पलायन करना, रोजगार की समस्या मुंह बाए खड़ी है। इन सभी समस्याओं से निजात पाने के लिए सता का परिवर्तन आवश्यक है। आज से सत्ता में परिवर्तन का संकल्प लेते हुए भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एकजुट होकर इस निकम्मी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने का संकल्प लेते हैं। बता दें कि इस परिवर्तन सभा के कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश एवं जिला स्तर के हजारों कार्यकर्ताओं की भी उमड़ी ।





