पूर्वांचल सूर्य ब्यूरो,चतरा। जिला परिषद उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी ने जिले के इटखोरी प्रखंड में सुविधाजनक खेल मैदान की मांग को लेकर जिला उपायुक्त रमेश घोलप को पत्र लिखा है। बिरजू तिवारी ने पत्र में इटखोरी प्रखंड के खिलाड़ियों के लिए इटखोरी प्रखंड अंतर्गत हाईस्कूल खेल के मैदान को डीएमएफटी मद से स्टेडियम के रूप में विकसित करने की मांग की है।





जिप उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी ने बताया कि इटखोरी प्रखंड अंतर्गत हाईस्कूल परिसर में खेल का मैदान है।जहां अक्सर क्रिकेट,फुटबॉल और अन्य खेलों का आयोजन होता रहता है,लेकिन खेल के उत्थान के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं नहीं होने के कारण गांव के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की प्रतिभा गांवों में ही दबकर रह जाती है और अपनी प्रतिभा को निखार नहीं पाते हैं।बिरजू तिवारी ने अपने पत्र में इस बात पर बल दिया कि बच्चों एवं युवाओं के बौद्धिक विकास के लिए खेल का मैदान होना अत्यावश्यक है।





पिछले दिनों आईपीएल नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन जिला परिषद उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी जब कर रहे थे तब इटखोरी के युवाओं ने बिरजू तिवारी से अनुरोध किया कि हाईस्कूल खेल के मैदान को भव्य स्टेडियम के रूप में विकसित करने के लिए उपायुक्त महोदय से अनुरोध किया जाए। ताकि प्रखंड के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपने खेल प्रतिभा को निखारने में सहूलियत होगी।इसी बात को संज्ञान में लेते हुए बिरजू तिवारी ने इस आशय का एक पत्र लिखते हुए डीसी रमेश घोलप से अनुरोध किया है कि डीएमएफटी मद से इटखोरी हाईस्कूल खेल के मैदान को भव्य स्टेडियम के रूप में बनाने की कृपा की जाए, ताकि वहां के प्रतिभाशाली युवा अपने क्षेत्र के साथ-साथ अपने जिले और देश का नाम रौशन कर सकें।