उड़ती धूल से ग्रामीणों को मिलेगी निजात,विधायक ने दिया आश्वासन





ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष कुशमाही कोल साइडिंग से उड़ने वाले धूल से बचाव को लेकर रखी मांग





पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि, बालूमाथ/ लातेहार। थाना क्षेत्र अंतर्गत मकयाईटाड़ के समीप संचालित कुशमाही कोल साइडिंग से उड़ती धूल से परेशान सैकड़ों ग्रामीणों ने शनिवार को हेमपुर गांव के समीप स्थानीय विधायक प्रकाश राम की मौजूदगी में उड़ती धूल से निजात को लेकर बैठक की।





बैठक में ग्रामीणों ने एक स्वर से कहा कि रेलवे कोयला साइडिंग को गांव से हटाया जाए। ताकि सिमरसोत,कूशमही,

हेमपुर,लोसिंगना,मकईयाटाड़, नावाडीह,भैसादोन,ग्रेजासमेत दर्जनों गांव में रहने वाले लोग प्रदूषण से होने वाली बीमारी से बच सके,अच्छी खेती हो सके,शुद्ध पेयजल मिल सके,बच्चे विद्यालय में स्वस्थ होकर पढ़ सके।इस पर लातेहार विधायक प्रकाश राम ने कहा कि हम ग्रामीणों के साथ हैं,ग्रामीणों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ने के लिए तैयार हूं। गांव में निवास करने वाले ग्रामीणों को प्रदूषण से मुक्त करने के लिए मैं हर संभव प्रयास करूंगा जरूरत पड़ी तो ग्रामीणों की समस्या को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास करूंगा।





विधायक प्रकाश राम ने कहा कि आप सभी ग्रामीण एकत्रित होकर समस्या के निदान के लिए एक कमेटी गठन कर स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासन को लिखित आवेदन दें। मैं आपकी समस्या को निदान करने का पूरा प्रयास करूंगा।





इस मौके पर स्थानीय मुखिया कुमारी भगवती देवी,भाजपा नेता शैलेश सिंह,रविंद्र प्रसाद सिंह,इंद्रदेव ठाकुर,नीलेश गंझू, मुरारी गंझू,प्रकाश यादव,नंदकुमार यादव,फरीद खान, मोहम्मद सईद,चिंता देवी,सुधा देवी समेत सैकड़ों महिला पुरुष शामिल थे।