उत्क्रमित उच्च विद्यालय दैहर के चारदीवारी निर्माण का विधायक उमाशंकर यादव अकेला ने किया शिलान्यास
शिक्षा जीवन का प्रकाश है,शिक्षा के द्वारा ही हम अज्ञान के अंधकार से निकलकर ज्ञान के उजाले में जाते हैं:उमाशंकर अकेला
प्रतिनिधि,चौपारण। चौपारण डीएमएफटी फंड से प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय दैहर में नए चार दिवारी का निर्माण और चार कमरों का मरम्मती होना है। जिसका विधिवत शिलान्यास बरही विधायक सह निवेदन समिति के सभापति उमाशंकर यादव अकेला ने किया। इससे पहले मुखिया ब्रह्मदेव भुइयां,मुखिया प्रतिनिधि नागेंद्र कुशवाहा,उच्च विद्यालय दैहर के प्रधानाध्यापक प्रेम कुमार पंडित सहित विद्यालय के शिक्षकों ने मुख्य अतिथि का विद्यालय परिसर में भव्य स्वागत किया।मौके पर विधायक अकेला ने राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर प्रकाश डाला।
शिलान्यास करने के उपरांत विधायक अकेला ने विद्यालय के कंप्यूटर कक्ष और स्मार्ट क्लासेस का निरीक्षण करते हुए सभी बच्चों से बातचीत कर उनकी समस्याओं से अवगत हुए।मौके पर विद्यालय के शिक्षा समिति ने विद्यालय में विषयवार शिक्षकों की नियुक्ति, नए कमरों और नए शौचालय निर्माण की भी मांग की।विधायक अकेला ने आस्वस्त किया कि आप सबों की समस्याओं के निराकरण की दिशा में मैं प्रयास करूंगा।
मंच से बोलते हुए विधायक उमाशंकर अकेला ने कहा कि शिक्षा जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षा के बिना हम अपने दायित्व को और अधिकारों को नहीं समझ पाते हैं। अधिकारों और दायित्वों को समझने के लिए शिक्षा का होना अत्यंत आवश्यक है। हम सबको मिल करके एक एक सार्थक पहल कर शिक्षा के ज्योति को जलाना है और शिक्षा के मंदिर को सजाना है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि अधिक से अधिक लोग शिक्षित हो।
मुखिया प्रतिनिधि नागेंद्र कुशवाहा ने बताया कि विद्यालय 2016 में मध्य विद्यालय से उच्च विद्यालय में उत्क्रमित हुआ था। तब से यह विद्यालय शिक्षकों की कमी के साथ-साथ उच्च विद्यालय से संबंधित उपस्थित उपस्करों की भी समस्या का सामना कर रहा है। यह उत्क्रमित उच्च विद्यालय अपने उत्क्रमण से वर्तमान तक कई प्रकार के अभावों से जूझ रहा है। वर्ष 2023 में उच्च विद्यालय में मात्र एक शिक्षक की प्रतिनियुक्ति हुई है।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान बीरबल साहू, कोठारी सिंह, नरेश सिंह, संजय सिंह, मनोज सिंह,ओम सिंह,शम्भू दांगी,मुकेश दांगी,शिवपूजन दांगी,बाबूलाल दांगी,मन्नू कुशवाहा,मुकेश पासवान सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।





