उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक





समाज कल्याण अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा कर उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश





सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी द्वारा यह सुनिश्चित किया जाय कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में पोषाहार की आपूर्ति रूके नहीं एवं सभी लाभुकों को स-समय पोषाहार मिले : उपायुक्त, नमन प्रियेश लकड़ा





प्रतिनिधि,गिरिडीह। गिरिडीह समाहरणालय सभागार कक्ष में बुधवार को उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। इस दौरान सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, कन्यादान योजना, आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल, विद्युत व शौचालय आदि मूलभूत सुविधाओं, आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं/धात्री महिलाओं एवं नवजात बच्चों को दी जाने वाली पोषाहार की जानकारी ली गई एवं पोषाहार को सुनियोजित तरीके से वितरण करने हेतु आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया गया। उन्होंने आगे कहा कि इन योजनाओं से संबंधित जितने भी आवेदन आते हैं, उन्हें स्वीकृत कराकर राशि उपलब्ध करायी जाय।इसके अलावा उपायुक्त द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्र के सेविका-सहायिका के चयन प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए कहा गया कि सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी द्वारा यह सुनिश्चित किया जाय कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में पोषाहार की आपूर्ति रूके नहीं एवं सभी लाभुकों को ससमय पोषाहार मिले।





उपायुक्त द्वारा कहा गया कि प्रखण्ड स्तर पर आंगनबाड़ी केन्द्र के लाभुकों का आधार इन्रौलमेन्ट कराकर उसे आधार से जोड़ने के कार्य में प्रगति लायी जाय एवं जिन प्रखण्डों में लाभुकों के आधार इन्रौलमेन्ट की संख्या कम है।वहां इसमें वृद्धि की जाय। इसके अलावा उपायुक्त द्वारा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निदेशित किया कि आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सुनियोजित तरीके से पोषाहार सामग्रियों की पैकेजिंग कर आंगनबाड़ी के माध्यम से लाभुकों के बीच वितरण करना सुनिश्चित करें। साथ ही इससे संबंधित रिपोर्ट/प्रगति प्रतिवेदन भेजना निश्चित रूप से सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने समाज कल्याण में अन्य रिक्त पदों को शीघ्र भरने हेतु आवश्यक निर्देश दिया।





उपायुक्त ने कहा कि सेविका/सहायिका से संबंध रिक्तियों को भरने हेतु किए जाने वाले प्रक्रिया में तेजी लाते हुए यथाशीघ्र नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करें और साथ ही उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों से पूर्व सभी सेविका, सहायिका एवं पोषण सखी का शेष मानदेय भुगतान जल्द से जल्द करना सुनिश्चित करें। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।