पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,हजारीबाग।उपायुक्त नैंसी सहाय ने ठंड से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न गांवों में कंबल वितरण अभियान का शुभारंभ किया।यह अभियान तिलरा गांव (बिरहोर टोला),चंपानगर नवाडीह पंचायत,इचाक और रोमि गांव (पदमा) में आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग को ठंड से बचाने के लिए सहायता प्रदान करना था।





कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त नैंसी सहाय ने बिरहोर समुदाय समेत ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना।उपायुक्त ने यह सुनिश्चित किया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक प्राथमिकता से पहुंचे।उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि समाज के कमजोर वर्ग को हर संभव सहायता मिले। ठंड के इस मौसम में कंबल वितरण केवल राहत प्रदान करने का प्रयास है।





कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी,पुलिस बल और स्थानीय प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच जाकर कंबल वितरित किए और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने बच्चों के बीच चॉकलेट का भी वितरण किया।बिरहोर टोला जैसे दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में इस तरह की पहल ने प्रशासन की सक्रियता और प्रतिबद्धता को दर्शाया।





इस अभियान के तहत सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों को कंबल दिए गए,जिससे उन्हें ठंड से राहत मिली।उपायुक्त नैंसी सहाय ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि प्रशासन उनकी हरसंभव मदद के लिए तैयार रहेगा। उपायुक्त ने स्थानीय समुदाय से भी अपील की कि वे ऐसे कार्यों में प्रशासन का सहयोग करें और जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने में अपना योगदान दें।





कंबल वितरण अभियान का यह प्रशासनिक प्रयास केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं होते, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक समर्पण का प्रतीक भी होते हैं। हजारीबाग प्रशासन की यह पहल समाज के वंचित वर्ग को राहत पहुंचाने और उनकी भलाई के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।





उपायुक्त नैंसी सहाय ने ठंड के प्रकोप को देखते हुए सभी प्रखंडों के महत्वपूर्ण स्थानों में अलाव की भी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने मौजूद लोगों से कहा कि ठंड बढ़ गयी है इसलिए घरों में रहे,सतर्क रहें।बढ़ती ठंड को देखते हुए जिले के प्रमुख चौराहों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित रूप से अलाव की व्यवस्था की जा रही है।प्रशासन जरूरतमंद लोगों को कंबल मुहैया करा रहा है।





इस मौके पर उप विकास आयुक्त इश्तियाक अहमद,अपर समाहर्ता संतोष कुमार सिंह,जिला योजना पदाधिकारी पंकज तिवारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी प्रदीप कुमार और संबंधित प्रखंड के सीओ और बीडीओ मौजूद थे।