प्रतिनिधि,गिरिडीह।उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने दिनांक 10 मार्च को देर शाम जिले के कई पीडीएस दुकानों का निरीक्षण कर किए जा रहे कार्यों की जांच की।उन्होंने दुकानों की जांच कर आवश्यक निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान दुकान के बाहर लाभुकों की सूची लगाने, सूचना पट्ट में फोर्टिफाइड चावल को लेकर जागरूकता, जनशिकायत पंजी रखने, मुफ्त राशन वितरण की जानकारी प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही समय पर राशन वितरित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने उपस्थित लाभुकों से भी मिलकर बात की कि उन्हें स-समय और उचित मात्रा में खाद्यान्न मिल रहा है या नहीं। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि पीडीएस का निर्धारित नियमों के अनुसार सुचारू रूप से संचालन सुनिश्चित किया जाय। निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से राशन कार्ड अथवा वितरण/स्टॉक/मिलान पंजी अथवा किसी अन्य आधिकारिक दस्तावेज की बारीकी से जांच की गई। पंजी से हुए वितरण का ऑनलाईन इट्री के निर्देश दिए गए। दुकान के प्रमुख स्थान पर सूचना पट्ट पर जिला शिकायत निवारण पदाधिकारी, खाद्यान्नों की गुणवत्ता और मात्रा के बावत शिकायतों के निष्पादन के लिए पदाधिकारी एवं अनुज्ञापन पदाधिकारी इन सभी के नाम, पदनाम, पता एवं दूरभाष संख्या संप्रदर्शित किए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही दुकान के प्रमुख स्थान पर सूचना पट्ट पर झारखंड राज्य खाद्य आयोग का पता एवं दूरभाष संख्या संप्रदर्शित किए जाने की जांच करते हुए निर्देश दिया गया। साथ ही शिकायत सह सुझाव पुस्तिका की जांच के साथ - साथ जनवितरण प्रणाली दुकानदार के पास राशन कार्डधारको के पंजी निर्गम, विक्रय पंजियां शिकायत पुस्तिका का रखरखाव आदि का निरीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त कार्यों का उचित संचालन करने से संबंधित आवश्यक निर्देश दिए गए।





