प्रतिनिधि,जमशेदपुर।गर्मी के मौसम में जिले वासियों को पेयजल की समस्या न हो।इसको लेकर जिला प्रशासन गंभीर है।रविवार उपायुक्त विजया जाधव ने कार्यालय कक्ष में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता और पंचायती राज पदाधिकारी के साथ बैठक कर इस बाबत जरूरी निर्देश दिए। बैठक में निदेशक डीआरडीए सौरभ सिन्हा और जिला परिवहन पदाधिकारी दिनेश रंजन भी मौजूद रहे।





इस दौरान उपायुक्त द्वारा पेयजल समस्या के त्वरित समाधान के लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को दूरभाष नम्बर जारी करने का निर्देश भी दिया गया। ताकि किसी भी जगह पेयजल की समस्या होने पर जनता या जनप्रतिनिधि द्वारा संपर्क किया जा सके। साथ ही उन्होंने समाहरणालय में एक वॉर रूम के गठन का निर्देश भी दिया है,जिसके नोडल के रूप में निदेशक एनआरईपी होंगी। वार रूम में फोन के माध्यम से शिकायत या समस्या प्राप्त होते ही प्रतिनियुक्त कर्मी संबंधित पदाधिकारी या जिला पंचायत राज पदाधिकारी से संपर्क कर यथाशीघ्र समस्या का समाधान सुनिश्चित करेंगे।





उपायुक्त ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से भी आम जनता द्वारा पेयजल समस्या के मामले संज्ञान में लाए जा रहे हैं। इन शिकायतों का त्वरित निष्पादन करते हुए तत्काल फोटो व वीडियो वॉर रूम में उपलब्ध कराएंगे। जबकि उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंताओं को सभी मुखिया से संपर्क कर जिला के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित सोलर जलमीनार एवं चापाकल में मरम्मती करण की आवश्यकता होने पर उसे तत्काल करने का निर्देश भी दिया है।