उपायुक्त ने सर्कस मैदान में किया पौधारोपण,एक लाख वृक्षारोपण करने का लिया गया संकल्प





सर्कस मैदान में घर-घर पेड़ लगाओ अभियान का उपायुक्त, नमन प्रियेश लकड़ा ने किया शुभारंभ,प्रत्येक गांव में 35-35 पेड़ लगाने की है योजना





इस अभियान में उपायुक्त ने लोगों के बीच पौधा का वितरण किया,लोगों से ज्यादा से ज्यादा वृक्षारोपण करने का किया अनुरोध





पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गिरिडीह।गिरिडीह के सर्कस मैदान में शुक्रवार की शाम घर-घर पेड़ लगाओ अभियान का शुभारंभ उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा के द्वारा किया गया। जहां कई लोगों,समाजसेवी,महिलाओं के बीच पौधा का वितरण किया गया।





इस दौरान उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने मीडिया बंधुओं को संबोधित करते हुए कहा कि सुनहरे व सुरक्षित भविष्य के लिए पर्यावरण संरक्षण जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सभी विभागों,संस्थाओं व इंडस्ट्रीज से समन्वय स्थापित कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता के उपरांत पुनः मनरेगा के तहत भी बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत पौधारोपण का कार्य शुरू किया गया है।





उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक गांव में 35-35 पेड़ लगाने की योजना है, जिससे की हमसब एक लाख वृक्षारोपण करने में सफल होंगे।उन्होंने कहा कि पर्यावरण को संरक्षित करने में सभी के सहयोग की आवश्यकता है। इसके लिए हम सभी को आधिकारिक संख्या में वृक्षारोपण कर पर्यावरण को संरक्षित करने का संकल्प लेना होगा।





इस दौरान उपायुक्त ने सभी से अनुरोध किया कि पर्यावरण संरक्षण से ही हम अपनी आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित पर्यावरण के साथ एक बेहतर भविष्य प्रदान कर सकते हैं। उपायुक्त ने कहा कि वृक्षारोपण को लेकर जिला स्तर पर भी बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर आधिकारिक संख्या में वृक्षारोपण किया जाएगा,जिसमें सभी की सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को संरक्षित करना हम सभी का दायित्व होना चाहिए और इस अभियान में हमें आगे बढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। इस दौरान उपायुक्त के द्वारा इस अभियान को सफल बनाने में शामिल सभी अधिकारियों एवं संस्थाओं को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।