प्रतिनिधि,जमशेदपुर।जिले की उपायुक्त विजया जाधव ने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में आम लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी। इस दौरान 65 लोगों ने जनता दरबार में अपनी समस्याएं और शिकायतें रखी। जिसे उपायुक्त ने संवेदनशील होकर सुनते हुए अविलंब कार्रवाई करने का आश्वासन भी फरियादियों को दिया।





इस दौरान घाटशिला के शंभुनाथ हांसदा और बेको के श्यामल बेसरा ने अपने बच्चों का नामांकन आवासीय विद्यालय में कराने का आग्रह किया। साथ ही गदरा पूर्वी के सभी ग्रामीणों की तरफ से एक प्रतिनिधिमंडल ने सरकारी भूमि के अतिक्रमण का मामला उनके संज्ञान में लाया। इसी तरह हिन्दू पीठ जमशेदपुर के महिला शाखा के प्रतिनिधिमंडल ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पक्षियों के खरीद बिक्री पर रोक लगाते हुए उन पक्षियों को पिंजड़े से आजाद कराने की मांग भी की। वहीं जनता दरबार में मानगो शंकोसाई के पंकज साहा ने सेंटलमेंट लैंड का अतिक्रमण, धनंजय कुमार ने भूमि सीमांकन, बोड़ाम के संतोष सिंह ने मृतक मुआवजा, कुसुम देवी ने राशन संबंधी, छोटा गोविंदपुर की निर्मला देवी ने संपत्ति विवाद, नीलम पतरा ने पति से गुजारा भत्ता, प्रमोद कुमार ने सोनारी थाना में एफआईआर नहीं लेने, सीतारामडेरा में अवैध निर्माण, फुटबॉल मैदान का अतिक्रमण, करूणामय मंडल ने पोटका में कुष्ठ रोगियों के लिए जमीन, ट्रांसफर पोस्टिंग समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी जनसमस्याओं से संबंधी आवेदन आए। जिसपर उपायुक्त ने तत्काल संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निष्पादन करने का निर्देश भी दिया।