प्रतिनिधि,रामगढ़। शुक्रवार को जिला समाहरणालय सभाकक्ष में उप विकास आयुक्त रोबिन टोप्पो कुमार की अध्यक्षता में जिला परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक के दौरान सबसे पूर्व अग्रणी जिला प्रबन्धक संजीव कुमार के द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 में विभिन बैंकों द्वारा प्राप्त की गई उपलब्धियों की जानकारी दी गयी,जिसके उपरांत उप विकास आयुक्त ने सभी बैंकों की जमा साख अनुपात की समीक्षा की। इस दौरान वार्षिक साख योजना के तहत प्राप्त उपलब्धि, सरकार द्वारा प्रायोजित विभिन्न योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना, केसीसी आदि के अंतर्गत प्राप्त प्रगति की बैंकवार समीक्षा की गई।बैठक में शिक्षा ऋण, हाउसिंग लोन, डेयरी लोन, पोल्ट्री फार्मिंग, मछली पालन आदि के लिए दिए गए ऋण, वित्तीय समावेशन के अंतर्गत सामाजिक सुरक्षा योजना जैसे अटल पेंशन योजना, सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति योजना आदि की समीक्षा की गई।बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने सभी बैंकों को अपनी जमा साख अनुपात में वृद्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जेएसएलपीएस के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को उपलब्ध कराए जाने वाले बैंक लिंकेज के तहत हो रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए उप विकास आयुक्त ने सभी बैंक प्रतिनिधियों को संबंधित मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए सभी मामलों को समय से निष्पादित करने का निर्देश दिया।
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत बैंकवार दिए गए लक्ष्य के तहत लाभुकों को उपलब्ध कराए गए ऋण की समीक्षा करते हुए उप विकास आयुक्त ने बैंक प्रतिनिधियों को प्राप्त लक्ष्य के विरुद्ध शत-प्रतिशत कार्य संपन्न करने का निर्देश दिया।
किसानों को उपलब्ध कराए जाने वाले केसीसी के तहत जिला स्तर पर प्राप्त हुए आवेदनों के तहत बैंकों द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए उप विकास आयुक्त ने जिन आवेदनों को अब तक निष्पादित नहीं किया गया है उन पर कार्य करते हुए सभी योग्य किसानों को ऋण उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश।
बैठक के दौरान अग्रणी जिला प्रबंधक संजीव कुमार के द्वारा उपस्थित सभी बैंक प्रबंधकों प्रतिनिधियों को सरकार द्वारा लोगों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।वहीं उन्होंने सभी को जानकारी दी कि सरकार से प्राप्त निर्देश के आलोक में सप्ताह में एक दिन पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी जानी है एवं उन्हें योजनाओं से जोड़ने हेतु आवश्यक कार्रवाई की जानी है। इस संबंध में उप विकास आयुक्त ने सभी बैंक प्रबंधकों/प्रतिनिधियों को योजनाबद्ध तरीके से शिविर आयोजित कर ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभान्वित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
आरसेटी द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में रह रहे लोगों को प्रशिक्षण देने के तहत हो रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए उप विकास आयुक्त ने वर्ष 2023-24 में अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की वहीं उन्होंने आगे किए जाने वाले कार्यों को पूर्ण करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला परिषद अध्यक्ष,सांसद प्रतिनिधि, सहायक , अग्रणी जिला प्रबंधक, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, डीडीएम नाबार्ड, विभिन्न बैंकों के प्रबंधक, जिला समंवयकों व प्रतिनिधियों सहित अन्य उपस्थित थे।





