पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गढ़वा।प्रखंड कार्यालय गढ़वा के सभागार में उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्र की अध्यक्षता में गुरुवार को प्रखंड कर्मियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की गई। इसमें मुख्य रूप से अबुआ आवास एवं मनरेगा से संबंधित समीक्षा की गई।
समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त द्वारा अबुआ आवास योजना की समीक्षा की गई। इसके अंतर्गत जिन लोगों को पहली किस्त की राशि दी गई है, उन सभी को प्लिंथ (फाउंडेशन) स्तर का कार्य शीघ्र पूरा कराने का निर्देश पंचायत सचिव एवं रोजगार सेवक को दिया गया तथा संबंधित पंचायत बीके मुखियागणों को भी इस कार्य में सहयोग करने के लिए निर्देशित किया गया, ताकि उक्त लेवल तक कार्य जल्दी पूर्ण हो। ऐसे लाभुकों को फाउंडेशन लेवल तक का कार्य करने के उपरांत ही दूसरे किस्त की राशि उनके खाते में हस्तांतरित किये जाने की बात कही गई।
मनरेगा की समीक्षा के दौरान जिन कुओं की खुदाई कार्य शुरू हो गई है, उसे 30 जून तक हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने सभी मुखिया, पंचायत सचिव एवं मनरेगा कर्मियों को निर्देशित किया कि मनरेगा की योजनाओं को बरसात शुरू होने से पहले पूर्ण करना सुनिश्चित करें एवं अधिक से अधिक मजदूरों को रोजगार उपलब्ध करायें। सभी मुखिया को 15वें वित्त आयोग की राशि से सभी चापाकल की मरम्मति तथा जलमीनारों को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।
उक्त बैठक में मुख्य रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी,कुमार नरेंद्र नारायण,मुखिया शरीफ अंसारी,बसंत चौबे,मुखराम भारती,कौशल्या देवी,नारद तिवारी,रविंद्र राम,बीपीओ मनरेगा अरुण देव सिंह,ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रिया,ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सीखा कुमारी,सहायक अभियंता,कनीय अभियंता,पंचायत सचिव चंद्र देव तिवारी,विनोद गुप्ता,सुरेश चौधरी,विकास चौबे, अमित कुमार,सीमा कुमारी समेत रोजगार सेवक उपस्थित थे।





