पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,रांची।फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के स्टार्टअप उप समिति की बैठक मंगलवार को चेंबर भवन में अध्यक्ष किशोर मंत्री और उप समिति चेयरमेन अमित अग्रवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। झारखण्ड की वर्तमान स्टार्टअप पॉलिसी की सराहना करते हुए सदस्यों द्वारा कहा गया कि विभागीय उदासीनता के कारण पॉलिसी का इंप्लीमेंटेशन नहीं हो पा रहा है, जिसकी समीक्षा होनी चाहिए। यह निर्णय लिया गया कि जल्द ही चेंबर द्वारा सूचना प्रोद्यौगिकी ई गवर्नेंस विभाग के सचिव से मिलकर कार्रवाई का आग्रह किया जायेगा ताकि पॉलिसी के अनुसार प्रदेश की स्टार्टअप्स कंपनियां लाभान्वित हो सकें। यह भी कहा गया कि स्टार्टअप्स के लिए एक विशेष पदाधिकारी की पदस्थापना भी आवश्यक है जो पॉलिसी का कार्यभार देखें।





चर्चाओं के क्रम में यह भी तय किया गया कि झारखण्ड की जितनी भी स्टार्टअप्स कंपनियां कार्यरत हैं उन्हें एक प्लेटफॉर्म पर लाने का प्रयास किया जायेगा। इसी प्रकार कॉलेज,यूनिवर्सिटीज में अध्ययनरत विद्यार्थी जो स्टार्टअप्स के क्षेत्र में आना चाहते हैं उन्हें भी चेंबर एकजुट करेगा और उनकी परेशानियों के निराकरण पर काम करेगा।





उप समिति चेयरमेन अमित अग्रवाल ने कहा कि 15-30 जून के मध्य में उप समिति द्वारा वृहद् स्तर पर टॉक शो का आयोजन किया जायेगा,जिसमें वैसी स्टार्टअप्स कंपनियां जो अपने क्षेत्र में बेहतर रूप से स्थापित हो चुकी हैं, उनकी उपस्थिति में नये युवाओं के साथ इन्वेस्टर मीट कराया जायेगा। इस कॉन्कलेव में बैंकर्स भी शामिल रहेंगे जो र्स्टाटप्स के समक्ष फंडिंग की आने वाली समस्या का समाधान करेंगे। चर्चाओं के दौरान यह भी कहा गया कि झारखण्ड में इन्क्यूबेशन सेंटर की संभावना है। वर्तमान में स्थापित इन्क्यूबेशन सेंटर कार्यरत नहीं है, जिसे सुचारू रूप से संचालित करने के लिए चेंबर द्वारा विभागीय अधिकारियों से वार्ता की जायेगी।





चेंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने वर्तमान पॉलिसी के प्रावधानों की सराहना करते हुए कहा कि पॉलिसी के जरिए सरकार ने वर्ष 2028 तक झारखण्ड में कम से कम 1000 नये स्टार्टअप्स शुरू किये जाने का लक्ष्य रखा है, जो उत्साहित करने वाली है। इनोवेटिव आयडिया रखनेवाले युवाओं को प्रोत्साहन देने के लिए उन्होंने सरकार और स्टार्टअप्स के बीच समन्वय बनाकर चेंबर की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।





बैठक में चेंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री, उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण लोहिया, उप समिति चेयरमेन अमित अग्रवाल के अलावा स्टार्टअप्स उद्यमी नीलकमल भरतीया, मनीष पियूश, राहुल मुरारका, रितुराज, सौरभ कुमार, प्रखर मिनोचा उपस्थित थे। उक्त जानकारी महासचिव परेश गट्टानी ने दी।