पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,धनबाद।धनबाद की अंकिता बनर्जी ने नई दिल्ली में 29 मार्च को आयोजित इंडिया के सबसे बड़े कंपीटीशन मिस एंड मिस्ट्रेस इंडिया कॉन्टेस्ट 2025 के नेशनल लेवल में एमएस इंडिया रनरअप का खिताब जीतकर धनबाद समेत झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
इस सफलता के संदर्भ में मंगलवार को धनबाद क्लब में प्रेस वार्ता कर अंकिता बनर्जी ने अपनी परफॉर्मेंस की शानदार सफलता के पीछे की गई मेहनत और सारे शुभचिंतकों और धनबाद वासियों के आशीर्वाद के बारे में विस्तृत रूप से बताकर सभी का आभार प्रकट कर हार्दिक धन्यवाद दिया।
अंकिता बनर्जी ने कहा कि देश भर की प्रतिभाओं के बीच चार दिनों तक कड़ी मेहनत कर सेकंड रनर अप का खिताब जीत कर अपने आप को गौरांवित महसूस कर रही हूं। साथ ही इस प्रतिष्ठित खिताब को जीत कर अपने माता-पिता और धनबाद का नाम पूरे देश में रोशन कर बहुत ही खुशी मिली है।भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में और कड़ी मेहनत कर बड़ी उपलब्धियां को प्राप्त करने का भरसक प्रयास करेंगी।
अंकिता बनर्जी के पिता प्रीतम बनर्जी ने कहा बचपन से ही अंकिता कला के क्षेत्र में बहुत प्रतिभाशाली रही है, उसके लगन हमारे प्रयास और प्रोत्साहन और आप सभी के आशीर्वाद से सफलता का यह मुकाम हासिल कर धनबाद की बेटी ने पूरे झारखंड का देश में नाम रोशन किया है। ये अंकिता की सफलता के साथ हमारे सारी बेटियों के सफलता का जश्न मनाने का मौका है ताकि अंकिता के साथ सारे धनबाद की बेटियों का मनोबल बढ़े। मेरी यही शुभकामनाएं हैं कि अंकिता और धनबाद की सभी बेटियां अपने मनपसंदीदा क्षेत्रों में आगे बढ़े और धनबाद का नाम पूरे देश और विदेश में रोशन करें।
प्रेस वार्ता में अंकिता बनर्जी के पिता प्रीतम बनर्जी,माता गीताली बनर्जी,चंदन मोइत्रा,लीना मोइत्रा,सागर बनर्जी और प्रणव मौजूद थे।





