पूसू प्रतिनिधि,गिरिडीह। गिरिडीह के औद्योगिक इलाके में संचालित विभिन्न फैक्ट्रियों के द्वारा प्रदूषण नियत्रंण को लेकर नियम का पालन नही करने के कारण इलाके में प्रदूषण का ज़हर फैलता ही जा रहा है,जिससे जूझ रहे ग्रामीणों के सब्र का बांध आखिरकार अब टूटने लगा है। रविवार को बालमुकुंद स्पोंज आयरन फैक्ट्री से निकलने वाले प्रदूषण के खिलाफ ग्रामीण गोलबंद होकर सड़क पर उतर आए और फैक्ट्री के गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में स्थानीय ग्रामीणों में महिलाओं की संख्या अधिक रही और वे काफी आक्रोशित भी थीं। हाथों में तख्तियां लिए फैक्ट्री और उससे होने वाले प्रदूषण के खिलाफ जोरदार नारेबाज़ी कर रही थीं। ग्रामीणों में प्रदूषण को लेकर इतनी नाराजगी थी कि वे इस बार लोकसभा आम चुनाव में मजा चखाने की बात कह रहे थे।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों की माने तो फैक्ट्रियों से निकलने वाला धुआं लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। कहा कि फैक्ट्रियों के संचालकों के द्वारा प्रदूषण नियत्रंण को लेकर किसी भी नियम का पालन नही किया जाता है, जिसका खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। कहा कि मामले को लेकर किसी भी जनप्रतिनिधि के द्वारा भी कोई पहल नही किया जा रहा है।





