वाराणसी।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा से सांसद कंगना रनौत को भारतीय जनता पार्टी से निष्कासित करने की मांग की है।मंगलवार को काशी में अपने आवास पर प्रेसवार्ता में अजय राय ने कहा कि किसानों पर कंगना का बयान एक सांसद के तौर पर पूरी सरकार का वक्तव्य माना जाएगा।





अजय राय ने कहा कि कंगना रनौत ने पूरे देश के किसान भाइयों को गाली दी है।किसान आंदोलन में लगभग साढ़े सात सौ निर्दोष किसान भाइयों ने बलिदान दिया।किसान आंदोलन को इस तरह अपमानित करना और उनके संघर्ष को गाली देना,किसान भाइयों को ही नहीं बल्कि समूचे देश को गाली देने जैसा है।





अजय राय ने प्रधानमंत्री और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष से कंगना रनौत को उनके गैर जिम्मेदाराना और अपमानजनक कुकृत्य के लिए तत्काल भाजपा से निष्कासित करने की मांग की।राय ने कहा कि उनके बयान से किनारा करने या फिर उनका व्यक्तिगत मत कह देने भर से काम नहीं चलेगा।





अजय राय ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है,किसान इस देश की रीढ़ हैं।हमारी अर्थव्यवस्था का सबसे बड़ा आधार है किसान और खेती,लेकिन दुर्भाग्य यह कि पिछले दस वर्षों से भी अधिक समय से देश के अन्नदाता को अपने वाजिब हक के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है,गोली खानी पड़ रही है।किसानों को समर्थन मूल्य के नाम पर धोखा दिया जा रहा है।