प्रतिनिधि,जमशेदपुर। टाटा स्टील कंपनी ने जब से शहर के बाजारों की बागडोर सरकारी विभाग जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति को सौंपी है। तभी से बाजारों के दुकानदार खुद को सैरात जमीन के मालिक समझ बैठे हैं,जिसके तहत बाजारों में धड़ल्ले से दुकानदार बेरोक टोक अवैध दुकानों का निर्माण भी कर रहे हैं।
ऐसा ही एक मामला मामला प्रकाश में आया है,जिसके तहत कदमा बाजार अग्रवाल इंडेन गैस एजेंसी के बगल में स्थित सेफ कॉर्नर रेस्टोरेंट के सामने वाली गली में दुकानदार द्वारा अवैध रूप से सरकारी सैरात की जमीन पर डबल स्टोरी दुकान का निर्माण करवाया जा रहा है। रात के अंधेरे में नहीं, बल्कि दिन के उजाले में दुकानदार निर्माण कार्य जारी रखे हुए हैं। मगर विभाग के संबंधित अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं है,जिसका फायदा उठाकर दुकानदार लगातार निर्माण कार्य करवा रहा है।
इससे पूर्व 27 फरवरी को कदमा बाजार में हुई आगजनी की घटना में 24 दुकानें जलकर खाक हो गई थी,जिसके बाद गरीब और छोटे दुकानदार पैसे के अभाव में अब तक दुकान नहीं बना सके हैं। जबकि पूंजीपति उसी जमीन पर अवैध रूप से डबल स्टोरी दुकान का निर्माण करवा रहे हैं,जिसकी सूचना संबंधित विभाग को भी दी गई। बावजूद इसके किसी भी अधिकारी ने इसपर कार्रवाई करना जरूरी नहीं समझा, जिसके कारण दुकानदारों का हौसला बुलंद होता जा रहा है और वे सरकारी सैरात जमीन के खुद मालिक बन बैठे हैं। अब आगे देखना यह है कि कब तक इन दुकानदारों पर संबंधित विभाग के द्वारा कार्रवाई की जाती है।





