नई दिल्ली: फिटनेस और हेल्थ ट्रैकिंग टेक्नोलॉजी में जोमैटो के संस्थापक दीपिंदर गोयल एक बड़ा बदलाव लाने की तैयारी में हैं। उनका नया वियरेबल डिवाइस 'टेंपल' (Temple) जल्द ही भारत में लॉन्च होने जा रहा है। दीपिंदर गोयल ने इस वियरेबल को लेकर नया अपडेट शेयर करते हुए बताया कि अब यह डिवाइस अपने पहले से दिखाए गए प्रोटोटाइप के मुकाबले आकार में आधे से भी छोटा हो गया है।
कंपनी की योजना वर्ष 2026 के अंत से पहले इसकी शिपिंग शुरू करने की है, जिसके लिए लिमिटेड लॉन्च एडिशन की प्री-ऑर्डर बुकिंग जल्द ही खोली जाएगी।
टेंपल वियरेबल की प्रमुख विशेषताएं
- अति-सूक्ष्म आकार: वॉल्यूम के हिसाब से यह बाजार का सबसे छोटा और अब तक का सबसे शक्तिशाली वियरेबल डिवाइस है।
- कनपटी पर ट्रैकिंग: इसे माथे और कान के बीच (कनपटी) चिपकाया जाता है।
- दिमाग की रियल-टाइम मॉनिटरिंग: जहां सामान्य स्मार्टवॉच केवल हार्ट रेट और स्टेप्स मापती हैं, वहीं टेंपल दिमाग में ब्लड फ्लो, ऑक्सीजन लेवल, कॉग्निटिव लोड (मानसिक दबाव) और एंट्रोपी को रियल-टाइम में ट्रैक करता है।
- एथलीट्स और फिटनेस फ्रीक्स के लिए वरदान: यह केवल वर्कआउट का समय नहीं बताता, बल्कि दिमाग से जुड़े सिग्नल्स के जरिए थकान, रिकवरी, फोकस और नींद की गुणवत्ता का सटीक विश्लेषण करता है।
कीमत और उपलब्धता
दीपिंदर गोयल ने पॉडकास्ट और सार्वजनिक कार्यक्रमों में इस डिवाइस को पहनकर इसके प्रोटोटाइप को दिखाया था, जिसके बाद से ही इसे लेकर काफी उत्सुकता देखी जा रही है। बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु को भी यह डिवाइस पहने देखा जा चुका है।
हालांकि आधिकारिक तौर पर अंतिम कीमत की घोषणा अभी नहीं की गई है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार इसकी कीमत लगभग ₹72,000 के आसपास हो सकती है। कंपनी जल्द ही इसके लिमिटेड एडिशन के लिए प्री-ऑर्डर की तारीखों का ऐलान करेगी।





