वाराणसी।भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को आत्महत्या करने लिए उकसाने का आरोपी गायक समर सिंह और उसका सहयोगी संजय अभी तक गायब है।पुलिस दोनों की तलाश में पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में छापेमारी कर रही है। वहीं पुलिस की एक टीम मुंबई भी गई है।समर अपने परिजनों और करीबियों के संपर्क में भी नहीं है।मंगलवार देर रात लगभग डेढ़ बजे एसटीएफ की टीम समर के आजमगढ़ के मेंहनगर स्थित घर पहुंची।समर के न मिलने पर परिजनों से पूछताछ करके टीम वापस लौट आई।परिवार के लोग कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे है।
बता दें कि भदोही जिले के बरदहां गांव के छोटेलाल दुबे की बेटी भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे का शव सारनाथ थाना क्षेत्र के एक होटल में फंदे से लटकता हुआ मिला था। आकांक्षा भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के लिए बनारस आई थीं। इस मामले में आकांक्षा की मां ने भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके भाई संजय के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।पुलिस दोनों को गिरफ्तार करने के लिए जुटी है।
1999 में हो चुकी है समर के पिता की हत्या
भोजपुरी गायक समर सिंह आजमगढ़ जिले के मेंहनगर कस्बे का रहने वाला है।समर तीन भाइयों में सबसे छोटा है।पिता की 1999 में हत्या हो गई थी। समर का सबसे बड़ा भाई सुरजीत सिंह घर पर ही रह कर खेती करता है।दूसरे नंबर का भाई बसंत सिंह का दिल्ली आना-जाना लगा रहता है। बसंत भी कोई व्यवसाय करता है। सबसे छोटा समर सिंह भोजपुरी गायक है।वर्तमान में उसका घर से कोई खास लेना-देना नहीं है। चार-छह माह पर घंटा-दो घंटा के लिए ही घर आता है। अभिनेत्री आकांक्षा दुबे मौत मामले में समर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कस्बे में हलचल जरूर देखने को मिल रही है।
क्या नेपाल भाग गया समर
मेंहनगर कस्बे में हो रही चर्चाओं पर गौर करें तो जिस समय सारनाथ थाने में समर सिंह पर मुकदमा दर्ज हो रहा था, उस समय वह गोरखपुर में किसी फिल्म की शूटिंग कर रहा था। आशंका है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह गोरखपुर से ही नेपाल भाग गया हो।
समर पर जताई आकांक्षा के प्रशंसकों ने नाराजगी
भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के बाद सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर आकांक्षा के प्रशंसकों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। आकांक्षा के प्रशंसक समर सिंह को ट्रोल करते हुए उस पर जमकर नाराजगी जता रहे हैं। आकांक्षा की मौत के बाद समर ने उन्हें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से श्रद्धांजलि दी थी।इसे लेकर भी आकांक्षा के प्रशंसकों ने नाराजगी जताई। समर की इंस्टाग्राम पोस्ट पर कई लोगों ने कमेंट किया कि आकांक्षा की मौत के पीछे तुम्हारा हाथ है। इसके साथ ही कई सोशल मीडिया यूजर्स ने बायकॉट समर सिंह पोस्ट करके भी अपनी नाराजगी जताई।





