प्रतिनिधि,सिमडेगा। सोमवार को विधायक आवास पहुंच कई लोगों ने कांग्रेस का दामन थामा। कांग्रेस का दामन थामने वाले तेज कुमार लकड़ा, योधन नायक को विधायक भूषण बाड़ा ने फूल माला पहनाकर पार्टी में स्वागत किया।



इस मौके पर विधायक ने कांग्रेस का दामन थामने वाले लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में आप सबको बहुत सम्मान मिलेगा। कांग्रेस सभी कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान देती है। उन्होंने कहा कि लोग अब भाजपा की गलत नीति को समझ चुके हैं। इसी का परिणाम है कि दिनों दिन लोग कांग्रेस से जुड़ने लगे हैं।





उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्‍मान में कभी कोई कमी नहीं आने दूंगा। उन्‍होंने जिले के अन्‍य सभी लोगों को भी कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का अह्वान किया। साथ ही कहा कि कांग्रेस का दामन थामने वाले लोगों को वे स्‍वयं अपने हाथों से माला पहनाकर सम्‍मानित करेंगे। वही जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने भी कांग्रेस में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं का स्वागत किया।