पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,गिरिडीह। चुनाव प्रचार और मतदान के बाद कोडरमा की भाजपा प्रत्याशी केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने चंपाई सरकार के खिलाफ तेवर तल्ख किया।शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि राज्य सरकार को तुंरत बिजली-पानी की आपूर्ति को दुरुस्त करने पर जुटना चाहिए। क्योंकि इस भीषण गर्मी में लोगों का हाल बेहद खराब है।ऐसे में चंपाई सरकार को बिजली-पानी पर खास रणनीति के तहत काम करने की जरुरत है।
केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी इस दौरान चंपाई सरकार को लूट और झूठ की सरकार बताते हुए कहा कि झामुमो-कांग्रेस और राजद के नेताओं के आंखो का पानी भले ही सूखा है,लेकिन राज्य में विपक्ष की भूमिका में भाजपा है। ऐसे में जनसमस्याओं को लेकर भाजपा गंभीर रहेगी और आंदोलन की जरुरत पड़ने पर सड़क पर उतर कर आंदोलन किया जाएगा।
प्रेसवार्ता के दौरान केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कोडरमा, झुमरी तिलैया और गिरिडीह शहरी क्षेत्र को लेकर कहा कि लगातार पावर कट का दौर जारी है। कोई पदाधिकारी सुनने वाला नहीं।ऐसे में जनता की परेशानियों को देखेगा कौन, जब चंपाई सरकार खुद ही चुनाव प्रचार में व्यस्त रहे है। चंपाई सरकार को डींग हांकने वाली सरकार बताते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य में बिजली और पानी के आपूर्ति का हाल सबसे खराब है और चंपाई सरकार इन्हें लेकर गंभीर दिख नहीं रही है, तो फिर परेशानियों को समझेगा कौन।





