जमशेदपुर। जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज के सत्र 2019-2022 के विद्यार्थियों का प्रोविजनल सर्टिफिकेट 61 दिनों बाद भी कॉलेज नहीं पहुंचा है। जिसके कारण छात्रों की परेशानी बढ़ गई है। छात्र चाहकर भी बार काउंसिल में अपना पंजीकरण नहीं करवा पा रहे हैं. इसकी शिकायत कॉलेज के छात्र अमर तिवारी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और मुख्य सचिव से की है। शिकायत में उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम 01 नवंबर 2023 को प्रकाशित किया गया। कोल्हान विश्वविद्यालय का परीक्षा विभाग परिणाम के एक माह बाद मार्कशीट भेज कर चैन की नींद सो गया। जबकि प्रोविजनल सर्टिफिकेट के अभाव में छात्रों का झारखंड राज्य बार काउंसिल में पंजीकरण नहीं हो रहा है। अमर तिवारी ने बताया कि इस संबंध पहले भी उच्च एवं तकनीक शिक्षा विभाग के सचिव, राज्यपाल एवं कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति (प्रभारी) को इसकी शिकायत की गई। परंतु अभी तक कोई सकारात्म परिणाम सामने नहीं आया। विद्यार्थियों द्वारा परीक्षा नियंत्रक अजय चौधरी को फोन करने पर कहा जाता है कि मार्कशीट से काम चला लीजिए। जबकि बार काउंसिल में निबंधन के लिए प्रोविजनल और चरित्र प्रमाण पत्र अनिवार्य है। इस तरह से विद्यार्थी परेशान हो रहे हैं और परीक्षा विभाग सक्रिय नहीं हो रहा है।-