विशेष संवाददाता,रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड देश की ऊर्जा जरूरतों की पूर्ति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए अब तक के इतिहास का सबसे तेज 50 मिलियन टन कोयले का उत्पादन किया है।पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 25 दिन पहले ही टीम सीसीएल द्वारा इस उपलब्धि को प्राप्त किया गया। कंपनी द्वारा ओबीआर, कोयला प्रेषण तथा उत्पादन में लगातार श्रेष्ठ प्रदर्शन जारी है।
ज्ञात हो कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में कंपनी को 84 मिलियन टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है,जिसे संसाधनों का समुचित उपयोग,बेहतर तकनीकी क्षमता तथा टीम समन्वय के बदौलत टीम सीसीएल सफलतापूर्वक प्राप्त करने की ओर अग्रसर है।कंपनी ने पिछले वित्तीय वर्ष में भी 76 मिलियन टन कोयला उत्पादन के लक्ष्य को प्राप्त किया था।
सीएमडी डॉ बी. वीरा रेड्डी के कुशल नेतृत्व में कंपनी दिनों दिन सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रही है। इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए डॉ. रेड्डी ने कहा कि यह प्रत्येक कर्मी के समर्पण का परिणाम है।उन्होंने आगे कहा कि कंपनी निश्चित रूप से इस वर्ष के उत्पादन लक्ष्य को प्राप्त कर विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देगी।
ज्ञात हो कि सीसीएल द्वारा उत्पादन के साथ-साथ हितग्राहियों के सर्वांगीण विकास के लिए सीएसआर के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य,खेल इत्यादि के लिए कई योजनाओं का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त भी कम्पनी पर्यावरणीय रूप से सतत खनन को ध्यान में रखते हुए इको पार्क,वृहत स्तर पर वृक्षारोपण इत्यादि कार्य भी कर रही है।





